ब्रज के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के विकास को मिलेगा नया आयाम

  • Friday January 09 2026 - 12:05 AM
  •  

ब्रज तीर्थ विकास परिषद और एम3एम फाउंडेशन के बीच MOU

मथुरा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के उद्देश्य से गुरुग्राम (हरियाणा) स्थित एम3एम फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। इस एमओयू के तहत ब्रज क्षेत्र में सुरक्षा, आजीविका संवर्धन, सांस्कृतिक संरक्षण और प्रलेखन से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट्स पर संयुक्त रूप से कार्य किया जाएगा।

बृहस्पतिवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, एम3एम फाउंडेशन की प्रबंध न्यासी एवं अध्यक्ष डॉ. ऐश्वर्या महाजन, संस्थापक एवं सीईओ अनुपमा मायराल तथा सामर्थ्य डेवकनेक्ट एलएलपी के प्रतिनिधि सामर्थ्य डेवकनेक्ट एलएलपी के साथ विस्तृत चर्चा हुई। इस बैठक में उत्तर प्रदेश पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

धार्मिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर बनी योजनाएं

बैठक के दौरान ब्रज क्षेत्र की संवेदनशील धार्मिक पहचान, तीर्थ स्थलों की आवश्यकताओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर सहमति बनी। एमओयू के अंतर्गत ब्रज क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक एवं तीर्थ स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जहां अब तक बिजली अथवा अन्य तकनीकी कारणों से निगरानी की व्यवस्था नहीं हो सकी है।

सोलर आधारित सीसीटीवी से मजबूत होगी सुरक्षा 

स्थापित किए जाने वाले सभी सीसीटीवी कैमरे सेल्फ एनर्जी यानी सोलर सिस्टम पर आधारित होंगे, जिससे निर्बाध निगरानी सुनिश्चित की जा सकेगी। इन कैमरों की निगरानी उत्तर प्रदेश पुलिस और ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा संयुक्त रूप से की जाएगी। जहां संभव होगा, वहां मौजूदा सुरक्षा और निगरानी प्रणालियों के साथ इन कैमरों का एकीकरण भी किया जाएगा, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके।

वृंदावन से होगी स्ट्रीट वेंडर आजीविका पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत

स्थानीय लोगों की आजीविका को सशक्त बनाने और ब्रज की पारंपरिक खानपान संस्कृति एवं पहचान को बनाए रखने के उद्देश्य से एमओयू के तहत स्ट्रीट वेंडर आजीविका पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इस परियोजना की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी वृंदावन से की जाएगी।

परियोजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडरों को विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए वेंडिंग कार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे। इन कार्ट्स में स्वच्छता, सौंदर्य और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप डिज़ाइन को प्राथमिकता दी जाएगी। प्रारंभिक चरण में 20 स्ट्रीट वेंडरों को इस योजना से जोड़ा जाएगा, जिसे भविष्य में चरणबद्ध तरीके से विस्तारित किया जाएगा।

ब्रज की विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल

ब्रज क्षेत्र की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए वृत्तचित्र प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता छात्रों, शोधकर्ताओं और फिल्म निर्माताओं के लिए खुली होगी। इसके माध्यम से ब्रज से जुड़ी प्रामाणिक कहानियों, शोध कार्यों और सांस्कृतिक अभिलेखों को प्रोत्साहन दिया जाएगा।

इसके साथ ही एम3एम फाउंडेशन द्वारा ब्रज से संबंधित शोध कार्यों के लिए फैलोशिप कार्यक्रम भी शुरू किया जाएगा, जिससे ब्रज की संस्कृति, परंपराओं और इतिहास पर गहन अध्ययन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप होगा विकास: सीईओ

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इन योजनाओं से ब्रज क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। साथ ही ब्रज की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित होगा।