सौर ऊर्जा से एक लाख पेड़ों की बुझेगी प्यास
सौर ऊर्जा से एक लाख पेड़ों की बुझेगी प्यास, वन ब्लॉकों में लगेंगे सोलर पैनल
- वन विभाग अहिल्यागंज एवं सुनरख आरक्षित वन ब्लॉक में विलायती बबूल हटाकर लगाएगा एक लाख पौधे
- पौधों की सिंचाई के लिए प्रति पांच हेक्टेयर में लगेगा एक सोलर पैनल व सबमर्सिबल पंप
वृंदावन। वन विभाग नगर के दो प्रमुख प्रवेश मार्गों पर स्थित आरक्षित वन ब्लॉकों का कायाकल्प करने जा रहा है। यहाँ पारिस्थितिकी संतुलन को नुकसान पहुँचाने वाले जूली फ्लोरा (विलायती बबूल) को हटाकर चौड़े पत्तों की प्रजातियों के लगभग एक लाख पौधे लगाए जाएंगे। सबसे खास बात यह है कि इन पौधों की सिंचाई के लिए सौर ऊर्जा का सहारा लिया जाएगा, जिससे प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण भी संभव हो सकेगा।
तार फेंसिंग से सुरक्षित किए जा रहे वन क्षेत्र
वन विभाग मथुरा मार्ग स्थित अहिल्यागंज आरक्षित वन क्षेत्र (लगभग 10 हेक्टेयर) और छटीकरा मार्ग स्थित सुनरख आरक्षित वन क्षेत्र (लगभग 119.6 एकड़) को सुरक्षित करने के साथ जैव विविधता को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर काम कर रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से दोनों वन क्षेत्रों के चारों ओर आवश्यकतानुसार तार फेंसिंग का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है।
पीपल, पाकड़ और बरगद के लगेंगे पौधे
विलायती बबूल की जगह पीपल, पाकड़, बरगद जैसी चौड़ी पत्ती वाली प्रजातियों के एक लाख पौधे रोपे जा रहे हैं। बड़ी संख्या में पौधों की आपूर्ति का जिम्मा अलीगढ़ की एक कार्यदायी संस्था को सौंपा गया है, जिसका टेंडर ₹7 प्रति पौधा तय हुआ है। पौधे मथुरा के स्थानीय स्रोतों के साथ-साथ प्रदेश के अन्य हिस्सों से भी मंगाए जा रहे हैं। इस रोपण अभियान में विभाग के छह नियमित कर्मचारी लगातार कार्यरत हैं।
सिंचाई के लिए सोलर पैनल और सबमर्सिबल
पर्यावरण अनुकूल पहल के तहत, दोनों आरक्षित वन क्षेत्रों में प्रति पांच हेक्टेयर पर एक सोलर पैनल और सबमर्सिबल पंप स्थापित किया जा रहा है। इससे बिजली की निर्भरता खत्म होगी और सौर ऊर्जा के माध्यम से नए रोपे गए एक लाख पौधों के साथ-साथ पहले से मौजूद वृक्षों को भी निर्बाध जल आपूर्ति मिल सकेगी। मॉनिटरिंग को प्रभावी बनाने के लिए वन क्षेत्र में वन क्षेत्राधिकारी का कार्यालय भी स्थापित किया गया है।
"वृंदावन क्षेत्र के दोनों वन ब्लॉकों को तार फेंसिंग कर पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया है। एक लाख नए पौधे लगाने और उनकी सिंचाई के लिए सोलर पैनल व सबमर्सिबल लगाए जा रहे हैं। सौर ऊर्जा की मदद से नियमित रूप से पौधों की सिंचाई की जाएगी।"
— विपिन मिश्रा, वन क्षेत्राधिकारी



