भगवान शिव के पूजन में इन वस्तुओं के चढाने से होता है दोष

  • Monday July 25 2022 - 11:59 AM
  •  

महादेव की आराधना का महापर्व शिवरात्रि पर पूजन करने की सामग्री का विशेष महत्व होता है। महा शिवरात्रि पर कुछ विशेष वस्तुओं से भगवान शिव की पूजा की जाती है। वहीं कुछ ऐसी वस्तुओं का भी ध्यान रखना चाहिये जो भगवान शिव को नहीं चढ़ाई जाती हैं। उन वस्तुओं का उपयोग पूजा में करने से दोष लगता है। शिवपुराण के अनुसार भक्तों को कभी भी भगवान शिव की पूजा में इन वस्तुओं का प्रयोग नहीं करना चाहिये ।

केतकी के फूल 

पौराणिक कथा के अनुसार केतकी के फूल ने ब्रह्मा जी के झूठ बोलने में साथ दिया था, जिससे नाराज होकर महादेव ने केतकी के फूल को श्राप दिया और कहा कि शिवलिंग पर कभी केतकी के फूल को अर्पित नहीं किया जायेगा। इसी श्राप के बाद से भगवान शिव को केतकी के फूल चढ़ाना अशुभ माना गया है।

हल्दी ना चढ़ायें 

भगवान शिव के अतिरिक्त लगभग सभी देवी- देवताओं के पूजन में हल्दी प्रयोग की जाती है। शास्त्रों के अनुसार शिवलिंग पुरुष तत्व का प्रतीक है और हल्दी स्त्रियोचित वस्तु है। स्त्रियोचित यानि स्त्रियों से सम्बन्धित। इसी कारण शिवलिंग पर हल्दी नहीं चढ़ायी जाती है।

कुमकुम या सिन्दूर

सिन्दूर विवाहित स्त्रियों का गहना माना गया है। स्त्रियां अपने पति की लम्बे और स्वस्थ जीवन की कामना के लिए  अपनी मांग में सिन्दूर लगाती हैं और भगवान को भी अर्पित करती हैं, लेकिन शिव तो विनाशक हैं, यही वजह है कि सिन्दूर से भगवान शिव की सेवा करना उचित नहीं माना जाता है।

शंख से जल 

पौराणिक कथा के अनुसार दैत्य शंखचूड़ के अत्याचारों से देवता परेशान थे। भगवान शिव ने त्रिशूल से उसका वध किया था, जिसके बाद उसका शरीर भस्म हो गया। उस भस्म से शंख की उत्पत्ति हुई थी। शिवजी ने शंखचूड़ का वध किया इसलिए कभी भी शंख से शिवजी को जल अर्पित नहीं किया जाता है।

तुलसी की पत्ती 

वैष्णवजन तुलसी की पत्तियां पूजा में शामिल करते है, लेकिन भगवान शिव की पूजा के लिए नहीं करना चाहिये। भगवान शिव ने तुलसी के पति असुर जालन्धर का वध किया था। इसलिए उन्होंने स्वयं भगवान शिव को अपने अलौकिक और दैवीय गुणों वाले पत्तों से वंचित कर दिया।