यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
उत्तरप्रदेश में प्रधान एवं पार्षद अपनी निधि से बनवा सकेंगे ओपन जिम
लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए हर ग्राम पंचायत में खेल के मैदान बनाने की प्रक्रिया युद्ध स्तर पर चल रही है। इसके साथ ही हर ब्लॉक में एक मिनी स्टेडियम और जिला मुख्यालय पर स्टेडियम होगा। यूपी सरकार ऐसी व्यवस्था करने जा रही है जिससे ग्राम प्रधान एवं पार्षद अपनी निधि से ओपन जिम बनवा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को नौकरी देने के लिए प्रतिबद्ध है। वह शनिवार को लोक भवन सभागार में कुशल खिलाड़ी कोटे से चयनित सिपाहियों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में बोल रहे थे। इसमें कुछ 217 कुशल खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में स्वस्थ्य प्रतिस्पर्धा शुरू हुई है। पिछले दो वर्षों में खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट ने एक नई क्रांति की है। उन्होंने कहा कि हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान बनाने में बाधा आने पर राजस्व विभाग की ओर से जमीन के एक्सचेंज की कार्रवाई भी की जा रही है। साथ ही हर विद्यालय के पास खेल का मैदान बनाया जा रहा है। ताकि खेलकूद के साथ गांव के बच्चों को सड़कों पर न दौड़ना पड़े।
नौकरी देने के लिए शासनादेश में किया संशोधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर ग्राम पंचायत में युवक मंगल दल और महिला दल गठित किए जा रहे है। पूरे प्रदेश में अब तक 65000 युवा और महिला मंगल दलों को स्पोर्टस किट उपलब्ध कराई गई है। पूरे देश में यूपी ऐसा पहला प्रदेश है जिसने टोक्या और पैरा ओलंपिक के खिलाड़ियों को नकद राशि से सम्मानित कियाा है।
युवा खिलाड़ियों के जब्जे को देखते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए कार्मिक विभाग के शासनादेश में संशोधन किया गया। इसी का असर है कि यूपी पुलिस में अब तक सबसे बड़ी संख्या 489 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इससे पहले कभी इतने खिलाड़ी पुलिस बल का हिस्सा नहीं बने थे। हाल ही में ललित उपाध्याय को डिप्टी एसपी और विजय यादव को नायब तहसीलदारके रूप में नियुक्त किए गए थे। आज समारोह में दिव्या काकरान को नायब तहसीलदार के रूप में नियुक्ति पत्र दिया गया है।
चयनित खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा यूपी के
सीएम ने कहा कि कुल चयनित 489 अभ्यर्थियों में 304 पुरूष और 185 महिला खिलाड़ी हैं। इनमें शामिल राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागियों में से 51 गोल्ड, 41 सिल्वर और 61 ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त करने वाले प्रतिभागी हैं। अन्तर्राष्ट्रीय खेलों के प्रतिभागियों में से एक गोल्ड, तीन सिल्वर और सात ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ी हैं। इन चयनित अभ्यर्थियों में सर्वाधिक यूपी के 371 खिलाड़ी शामिल हैं। जबकि हरियाणा से 39, उत्तराखण्ड-दिल्ली से 13-13, मध्यप्रदेश से 12, पंजाब से 11, राजस्थान से 7, गुजरात, उड़ीसा, बिहार और कर्नाटक से 2-2 और त्रिपुरा, आंध्रप्रदेश एवं छत्तीसगढ से एक-एक खिलाड़ी ने स्थान बनाया है।
खिलाड़ियों को सरकार दे रही भरपूर सम्मान
सीएम योगी ने कहा कि ओलंपिक की एकल स्पर्धा में मेडल प्राप्त करने वाले खिलाडियों को स्वर्ण पदक मिलने पर 6 करोड़, रजत पदक पर 4 करोड और कास्य पदक मिलने पर 2 करोड़ की पुरस्कार राशि दी जा रही है। ओलम्पिक गेम्स की टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर 3 करोड, रजत पर 2 करोड, और कास्य पदक मिलने पर 1 करोड़ की पुरस्कार राशि दी जा रही है। एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक पर 3 करोड रजत पदक पर डेढ़ करोड़ और कास्य पदक पर 75 लाख की पुरस्कार राशि दी जा रही है।
कॉमनवेल्थ गेम्स और विश्वकप से जुड़ी प्रतिस्पर्धाओं में स्वर्ण पदक पर डेढ़ करोड़, रजत पदक पर 75 लाख, और कांस्य पदक पर 50 लाख की सहायता राशि दी जा रही है। इसी प्रकार ओलंपिक गेम्स में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को 10 लाख और कॉमनवेल्थ, एशियन गेम्स में पांच लाख की राशिा दी जा रही है।
समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव, अपर मुख्य सचिव खेल नवनीत सहगल, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रासाद एवं डीजीपी विजय कुमार मौजूद रहे।
,



