दिल्ली में वृंदावन के कलाकार निताई बोस को सम्मानित करतीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू।
वृंदावन के मिनेचर आर्टिस्ट निताई बोस को राष्ट्रपति सम्मान, महामहिम द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
वृंदावन। मंदिरों की नगरी वृंदावन का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर गौरवमयी हुआ है। वृंदावन के श्याम कुटी, परिक्रमा मार्ग के निवासी प्रख्यात कलाकार निताई बोस पुत्र प्रदीप बोस को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रतिष्ठित राष्ट्रपति सम्मान से नवाजा है। दरअसल, देश की राजधानी दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन में आगामी 4 जून से 14 जून 2026 तक 'बृज शैली मिनेचर आर्ट' (बृज शैली की लघु कला) का एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इस भव्य आयोजन के समापन के बाद बीती 15 जून को राष्ट्रपति भवन में एक गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के विभिन्न 11 राज्यों से आए 11 विशिष्ट कलाकारों को उनकी उत्कृष्ट कला के लिए राष्ट्रपति सम्मान प्रदान किया। पूरे उत्तर प्रदेश और विशेषकर मथुरा-वृंदावन क्षेत्र से निताई बोस इस सर्वोच्च सम्मान को पाने वाले एकमात्र इकलौते कलाकार हैं। सम्मान स्वरूप उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ महामहिम राष्ट्रपति की तरफ से प्रोत्साहन धनराशि भी प्रदान की जाएगी।
विगत करीब 35 वर्षों से मिनेचर आर्ट (लघु चित्रकला) के क्षेत्र में निरंतर साधना कर रहे निताई बोस ने अपनी कला के सफर के बारे में बताया कि उन्होंने इस आर्ट की प्रारंभिक शिक्षा गुरु श्री रमेश चंद शर्मा से प्राप्त की थी। इसके तदोपरांत उन्होंने कला क्षेत्र की बारीकियों को सीखने के लिए गुरु नित्य गोपाल शर्मा के सानिध्य में अपनी आगे की शिक्षा का अवलोकन किया और कला को नए आयाम दिए। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरे बृज क्षेत्र के संतों, समाजसेवियों और स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर करते हुए इसे वृंदावन की कला संस्कृति की एक बड़ी जीत बताया है।



