सपा नेता आज़म खान 23 महीने बाद रिहा, जेल के बाहर जुटी समर्थकों की भीड़

  • Tuesday September 23 2025 - 01:06 PM
  •  

रामपुर/सीतापुर। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आज़म खान को आखिरकार करीब 23 महीने बाद सीतापुर जेल से रिहाई मिल गई। मंगलवार दोपहर करीब 12 जेल से बाहर निकलते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।

आज़म खान सफेद गाड़ी में जेल से बाहर आए। मीडिया ने सवाल पूछने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया और मुस्कुराते हुए सीधे अपने पैतृक गांव रामपुर के लिए रवाना हो गए। 

जेल से रिहाई से पहले रामपुर कोर्ट में आज़म खान का 6,000 रुपये का जुर्माना (दो बार 3-3 हज़ार रुपये) जमा किया गया था। इसके बाद सीतापुर जेल प्रशासन को आधिकारिक मेल भेजा गया और मजिस्ट्रेट की तस्दीक के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान जेल परिसर के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। कई कार्यकर्ता नारेबाजी करते नज़र आए।

रिहाई से पहले सपा सांसद रुचि वीरा भी आज़म खान से मिलने सीतापुर जेल पहुंचीं। उन्होंने कहा कि “आज़म खान जैसे बड़े नेता को हर राजनीतिक पार्टी अपने साथ जोड़ना चाहेगी। जेल से बाहर आने के बाद आगे की रणनीति तय होगी।” बता दें कि आज़म खान अक्टूबर 2023 से सीतापुर जेल में बंद थे। उनकी रिहाई को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता एक बड़ी राहत के रूप में देख रहे हैं।