वृन्दावन के रंगजी मंदिर में दस दिवसीय ब्रह्मोत्सव 20 मार्च से, 26 मार्च को होगा रथ का मेला

  • Thursday March 17 2022 - 09:37 PM
  •  

वृन्दावन। मंन्दिरों के नगरी वृन्दावन में दक्षिण भारतीय शैली के रंगजी मन्दिर दिव्यदेश का दस दिवसीय ब्रम्होत्सव 20 मार्च से विविध धार्मिक व सांस्कृतिक अयोजनों के साथ प्रारंभ होने जा रहा है। महोत्सव के अन्तर्गत रथ का मेला 26 मार्च को आयोजित होगा। ब्रह्मोत्सव की तैयारियां मंदिर प्रबंधन द्वारा की जोरों से की जा रही है।

 धार्मिक नगरी में यूं तो मन्दिरो की एक अनवरत श्रंखला है।लेकिन श्री रँग मन्दिर अपने आप मे कई विशेषताओं को समेटे हुए है जो कि अनूठी है। मन्दिर की वैदिक पूजा पद्वति हो या उत्सवों की श्रंखला सब कुछ वैदिक परम्पराओ पर आधारित है।

वर्ष 1906 में हुआ रँग मन्दिर का निर्माण

 दक्षिण की वैदिक भूमि से ब्रज में भक्ति की भूमि पर साधना करने आये परम् तपस्वी सन्त रँगदेशिक महाराज की सद्प्रेरणा से मथुरा के धनिक भक्त राधाकृष्ण ,लक्ष्मीचंद, गोविन्ददास ने इस मंदिर का निर्माण कराया। संवत 1901 से प्रारम्भ हुए विशालकाय मन्दिर का निर्माण 1906 में पूर्ण हुआ। जिसमें वैदिक रीति रिवाज से श्री गोदा रंगनाथ, श्री वेंकटेश्वर, श्री सुदर्शन जी,श्री वैष्णव सम्प्रदाय के अर्चावतार ,श्री रामानुज स्वामीजी के चल अचल विग्रह स्थापित किये गये।

ब्रह्मोत्सव में होने वाले प्रमुख उत्सव

मन्दिर की मुख्य अधिशाषी अधिकारी अनघा श्री निवासन ने बताया कि यह उत्सव ब्रह्मा के द्वारा बनाया उत्सव है। इसीलिए इसे ब्रह्मोत्सव कहते हैं। इस उत्सव में भगवान भक्तों के बीच जा कर दर्शन देते हैं । इस बार ब्रह्मोत्सव ( रथ का मेला) 20 मार्च से शुरू होगा। इस मेले में प्रातः और सांयकाल भगवान रँगनाथ विभिन्न स्वर्ण रजत निर्मित वाहनों पर विराजमान हो कर मन्दिर से बैंडबाजो के साथ निकलेंगे। इस उत्सव में 25 मार्च को होली, 26 मार्च को रथ यात्रा और 27 मार्च को बड़ी आतिशबाजी प्रमुख रूप से रहेगी। 

ध्वजारोहण से होगा ब्रह्मोत्सव का शुभारम्भ

मन्दिर के रघुनाथ आचार्य ने बताया कि ब्रम्होत्सव का शुभारंभ वैदिक परम्परानुसार ध्वजारोहण से होगा। जिसके अंतर्गत अखिल ब्रह्मांड नायक को आमंत्रित करने के लिए गरुणजी का आह्वान कर उन्हें स्वर्ण स्तम्भ पर आरूढ़ किया जाता है। इसी क्रम में देव आह्वान व आचार्य परम्परा को स्थापित किया जाता है।