हिंदू एकता और सात्विक शक्ति से 20 वर्षों में विश्व गुरु बनकर हिंदू राष्ट्र बनेगा भारत : मोहन भागवत
हिंदू एकता और सात्विक शक्ति से 20 वर्षों में विश्व गुरु बनकर हिंदू राष्ट्र बनेगा भारत : मोहन भागवत
वृंदावन | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा है कि हिंदुओं की एकता और सात्विक शक्ति को अपनाकर भारत आने वाले बीस वर्षों में विश्व गुरु बनकर संपूर्ण दुनिया को सुख और शांति प्रदान करने वाला हिंदू एवं धर्म राष्ट्र बनेगा। उन्होंने कहा कि इस सत्य को कोई नकार नहीं सकता, क्योंकि भारत का जन्म ही इसी उद्देश्य के लिए हुआ है। इसके लिए हिंदू समाज को अभी से तैयारी में जुटना होगा।
संघ प्रमुख मोहन भागवत यह बात कुंभ मेला क्षेत्र स्थित सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर कही। उन्होंने संतों और महंतों के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलन कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पिछले पचास वर्षों के अनुभव से यह स्पष्ट होता है कि जैसे-जैसे हिंदू समाज एकजुट हुआ है, राष्ट्र विरोधी शक्तियां कमजोर होती चली गईं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी ताकतों का सामना करने के लिए हिंदुओं को भक्ति के आधार पर सभी को अपना मानते हुए आत्मबल के बोध के साथ सात्विक शक्ति के आधार पर कर्म करना होगा। इसके लिए संतों के उपदेशों को जीवन में निरंतर उतारते हुए आगे बढ़ना आवश्यक है।
संघ प्रमुख ने अमेरिका के वर्तमान हालातों की ओर संकेत करते हुए कहा कि केवल शक्ति के आधार पर कोई महाशक्ति बनता है, तो वह पूरी दुनिया को सताने लगता है। जबकि भारत के पास अमरत्व की शक्ति है। भारत ने अपने इतिहास में अनेक भयावह परिस्थितियों का सामना किया, लेकिन हर बार उनसे जूझते हुए आगे बढ़ा। उन्होंने कहा कि कार्य की सफलता के लिए ध्यान और कर्म आवश्यक हैं, लेकिन भक्ति के बिना ज्ञान रावण जैसा हो जाता है और भक्ति के बिना कर्म उन्माद जैसा हो जाता है।
उन्होंने कहा कि जब भक्ति के साथ ज्ञान और कर्म होते हैं, तभी अपने और दूसरों के जीवन में शांति और आनंद की प्राप्ति संभव होती है। इसलिए भक्ति अत्यंत आवश्यक है और भक्ति ही वास्तविक शक्ति है। यदि शक्ति भक्ति से रहित हो, तो वह दुर्बलों को प्रताड़ित करती है और पीड़ितों पर और अत्याचार करती है।
मोहन भागवत ने कहा कि कठिन परिस्थितियां इतिहास में पहले भी आती रही हैं। हिंदू समाज ने सुल्तानों और बादशाहों के शासनकाल में लगभग पांच सौ वर्षों तक विषम परिस्थितियों में जीवन व्यतीत किया। यदि नष्ट होना होता, तो वह उसी समय हो गया होता। इसके बावजूद हिंदू समाज ने बलिदान देकर अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा की और देश निरंतर आगे बढ़ता रहा।
उन्होंने कहा कि उन्हीं कठिन परिस्थितियों में हिंदुओं के त्याग और भक्ति के बल पर सनातन धर्म पुनः विश्वभर में संतों के माध्यम से प्रसारित हो रहा है। यह शक्ति भक्ति से उत्पन्न हुई है। भक्त प्रह्लाद का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि अत्याचार सहने के बावजूद भक्ति की शक्ति से आसुरी शक्तियों का नाश संभव हुआ। ऐसी शक्ति कभी समाप्त नहीं होती और वह तभी प्राप्त होती है, जब व्यक्ति में समर्पण का भाव होता है।
संघ प्रमुख ने कहा कि समाज को भक्ति के माध्यम से तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि जब बानर वीर तैयार थे, तब भगवान राम का आगमन हुआ। आज यदि भक्ति रूठती है, तो उसका कारण तैयारी की कमी है। यह तैयारी केवल भक्ति के माध्यम से ही संभव है। इसलिए वर्तमान परिस्थितियों से मुकाबला करने के लिए समाज में भक्ति और अपनेपन की भावना को जागृत करना अत्यंत आवश्यक है।



