मथुरा में कल्पतरू ग्रुप की 66 करोड़ की संपत्ति कुर्क, गैंगस्टर समेत 46 मुकदमे हैं दर्ज
मथुरा। पुलिस ने कल्पतरू ग्रुप के खिलाफ शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कल्पतरू ग्रुप की 66 करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली है। कंपनी पर आरडी, एफडी, प्लाट और फ्लैट के नाम पर निवेशकों से करोड़ों की धोखाधड़ी करने का आरोप है। कल्पतरू बिल्डटेक कॉर्पोरेशन लिमिटेड एवं कल्पतरू ग्रुप के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। कंपनी मालिक के खिलाफ न सिर्फ उत्तर प्रदेश में बल्कि हरियाणा, राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों में 46 मुकदमे दर्ज हैं।
265 बीघा जमीन की जब्त
कल्पतरू ग्रुप की फरह ब्लॉक के ग्राम पौरी, भदाया, चुरमुरा में 265.309 बीघा जमीन जब्त की गई। इसकी कीमत कुल 66 करोड़ 32 लाख 72 हजार 500 रुपए आंकी गई है।डीएम पुलकित खरे के आदेश पर पुलिस ने उप जिलाधिकारी सदर अजय जैन, सीओ रिफाइनरी की मौजूदगी में कल्पतरू ग्रुप पर कार्रवाई की। कार्रवाई से पहले पुलिस ने डुगडुगी बजवाकर मुनादी कराई। सरकारी नोटिस लिखे बोर्ड भी लगवाए।
आयकर विभाग का था 80 करोड़ रुपए थे बकाया
कल्पतरू ग्रुप पर आयकर विभाग का 80 करोड़ रुपये बकाया था। आयकर विभाग ने वसूली के लिए केबीसीएल इंडिया लिमिटेड, कल्पतरू परिसर औरंगाबाद,मैसर्स कल्पतरू बिल्डटैक कॉर्पोरेशन लिमिटेड की चल अचल संपत्ति को 2017 में कुर्क किया था। सेबी ने 2003 में ग्रुप के 250 ऑफिस बंद कराकर संबंधित जिलों के डीएम ,एसएसपी को कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया था।
2017 में उदयपुर में हुआ था मुकद्दमा दर्ज
2017 में उदयपुर के थाना गोवर्धन विलास में कल्पतरू ग्रुप के मालिक जय किशन राणा के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज हुआ था। कंपनी ने 2006 में उदयपुर में ऑफिस खोला और करीब 5 हजार लोगों से करीब 20 करोड़ का निवेश आर डी ,एफ डी ,एमआईएम,प्लाट और फ्लैट में निवेश करने के नाम पर करा लिया। केंद्र सरकार द्वारा चिट फंड कंपनियों के खिलाफ कार्यवाही की। जिसके बाद कंपनी ने नाम बदल कर वंश एग्रो प्रोड्यूसर का नाम रख लिया। जिसके बाद निवेशकों ने थाना गोवर्धन विलास में एफआईआर दर्ज कराई।
कई राज्यों में फैला था कंपनी का नेटवर्क
मथुरा के चंदन वन कॉलोनी निवासी जय किशन राणा ने कल्पतरू बिल्डटैक कॉर्पोरेशन लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाई। जिसकी शाखा उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा ,राजस्थान ,गुजरात और मध्यप्रदेश में खोली। यहां नेटवर्क फैलाकर एजेंट बनाये और लोगों से निवेश करने के लिए रुपये लिए। लेकिन जब हजारों निवेशकों को अपने साथ ठगी का पता चला तो मथुरा के फरह,उदयपुर ,आगरा ,पानीपत ,मुरादाबाद सहित विभिन्न थानों में 46 से ज्यादा मुकद्दमा दर्ज कर लिए।
अप्रैल 2021 में हुई थी जय किशन राणा की मौत
मुकद्दमा दर्ज होने के बाद जय किशन राणा फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने 15 हजार रुपये का इनाम रखते हुए भगोड़ा घोषित कर दिया। लेकिन 17 अप्रैल 2021 को खबर मिली कि जय किशन राणा को कोरोना हुआ और उसकी निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। इसकी पुष्टि तत्कालीन एसएसपी ने भी की थी।



