बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का बड़ा बयान - गौरक्षक दक्ष चौधरी के समर्थन का आह्वान, पुलिस अलर्ट मोड पर

  • Thursday November 27 2025 - 01:58 AM
  •  

वृंदावन। वृंदावन के सुनरख मार्ग पर शराब की दुकान बंद कराने के दौरान हुए हंगामे में गिरफ्तार गौरक्षक दक्ष चौधरी को लेकर अब मामला और गरमाने लगा है। जहां वृंदावन पुलिस ने दक्ष चौधरी और उसके साथियों पर सख्त धाराएं लगाकर कार्रवाई तेज कर दी है, वहीं दूसरी ओर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने देशवासियों से दक्ष चौधरी के समर्थन का आह्वान किया है। शिवपुरी में चल रही कथा के दौरान दिए गए इस बयान के बाद मथुरा-वृंदावन पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है।

“ब्रज को मांस-मदिरा मुक्त बनाने की लड़ाई लड़ रहा है दक्ष चौधरी” - धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

25 नवंबर को शिवपुरी में आयोजित कथा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि “ब्रज भूमि को मांस-मदिरा मुक्त बनाने, गौमाता और हिंदुत्व की रक्षा के लिए गौरक्षक दक्ष चौधरी संघर्ष कर रहा है। यदि हम स्वयं नहीं लड़ सकते तो जो लड़ रहे हैं, उनके साथ खड़े होने का साहस जरूर दिखाएं।” उन्होंने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि साथ खड़े नहीं हो सकते तो उनकी आवाज जन-जन तक पहुंचाएं। और यदि यह भी संभव न हो तो कम से कम उनके आत्मबल के लिए प्रार्थना करें। विरोधियों को यह संदेश जाना चाहिए कि संख्या भारी है। शास्त्री ने यह भी कहा कि सनातन धर्म और आने वाली पीढ़ी की सुरक्षा के लिए संघर्ष करना आवश्यक है। बेटियों को लव जिहाद से बचाने और भारत को सुरक्षित बनाने के लिए हिंदू राष्ट्र की आवश्यकता पर बल दिया।

“भारत मुर्दों का देश, यहां जीवित व्यक्तियों का सम्मान नहीं” - शास्त्री

कथा के दौरान शास्त्री ने समाज की मानसिकता पर कटाक्ष करते हुए कहा -“भारत मुर्दों का देश है। यहां जीवित व्यक्तियों की पूजा नहीं होती, परंतु उनके मरने के बाद फोटो लगाए जाते हैं और भंडारे कराए जाते हैं।”

बयान के बाद पुलिस सतर्क, कानून-व्यवस्था पर खास नजर

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के इस बयान के बाद वृंदावन पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीओ सदर संदीप सिंह ने बताया - “धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयान के बाद पुलिस बल को अलर्ट कर दिया गया है। शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए विशेष निर्देश जारी कर दिए गए हैं।”

पृष्ठभूमि: शराब ठेका बंद कराने पर हुई थी कार्रवाई

17 नवंबर को सुनरख मार्ग पर शराब के ठेके बंद कराने, सेल्समैन से मारपीट और माहौल बिगाड़ने के आरोप में दक्ष चौधरी सहित 5 गौरक्षकों पर FIR दर्ज की गई थी। पुलिस ने बाद में उन पर 7 CLA, BNS 132, 152, 219 जैसी गंभीर धाराएं भी बढ़ा दी थीं। अब धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का खुला समर्थन मिलने के बाद यह मामला धार्मिक और राजनीतिक रूप से और संवेदनशील होता दिख रहा है।