आइसा राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा
आइसा राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के बयान पर संतों में उबाल; महंत फूलडोल बोले- 'युवती की काट लेनी चाहिए जीभ'
वृंदावन। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा द्वारा ब्राह्मण समाज और मंदिरों के पुजारियों को लेकर दिए गए एक कथित विवादित बयान पर संतों और धर्माचार्यों में भारी आक्रोश फैल गया है। संतों ने इस बयान की तीव्र भर्त्सना करते हुए सरकार से उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
संतों की कड़ी प्रतिक्रिया
महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज ने गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा, "जिस तरह पाकिस्तान में ईश निंदा पर मृत्युदंड दिया जाता है, उसी प्रकार देश में ऐसा बयान देने वालों की जीभ काट लेनी चाहिए। ऐसी बातें करने वाली हिंदू नहीं, बल्कि राक्षस कालनेमी की वंशज हो सकती हैं। यह किसी राजनीतिक दल (कांग्रेस) का चुनावी एजेंडा भी हो सकता है।"
कथावाचक इंद्रदेवाचार्य महाराज ने कहा कि समाज या जाति विशेष पर दोष मढ़ना नेहा बोरा की बड़ी भूल है। उन्होंने कहा कि पुजारियों और सनातन व्यवस्था से ही हिंदू धर्म सुरक्षित है और आगे बढ़ रहा है, किसी व्यक्तिगत घटना के लिए पूरे समाज को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज ने कहा कि ऐसी नक्सलवादी विचारधारा रखने वाली महिला को सिर्फ मंदिर ही नजर आए, जबकि अन्य धर्मों के स्थल भी पवित्र हैं। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि ऐसे लोगों के विरुद्ध तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर उनके मताधिकार और अन्य सभी अधिकारों को समाप्त किया जाए।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और बयानों के अनुसार, नेहा बोरा ने कथित तौर पर मंदिरों के पुजारियों, धार्मिक व्यवस्था और ब्राह्मणवादी व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। वीडियो में उन्होंने मंदिरों में महिलाओं और ब्राह्मण महिलाओं की सुरक्षा, तथा दुष्कर्म की घटनाओं का हवाला देते हुए बयान दिया था कि सुरक्षा खास तौर पर इस व्यवस्था से चाहिए, जो कथित तौर पर शोषितों और महिलाओं को दमन के योग्य मानती है। इसी बयान के सामने आने के बाद से संत समाज और विभिन्न हिंदू संगठनों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।



