श्रीबांकेबिहारी मंदिर का एक गोस्वामी परिवार चौथी बार कराएगा राष्ट्रपति को दर्शन-पूजन

  • Wednesday September 24 2025 - 01:45 AM
  •  

वृंदावन (मथुरा)। ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर का एक सेवायत गोस्वामी परिवार देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को दर्शन एवं पूजन कराने का सौभाग्य प्राप्त करेगा। इससे पहले यह परिवार तीन राष्ट्रपतियों को ठाकुरजी के दर्शन करा चुका है। इस बार यह अवसर चौथी बार मिल रहा है, जिसे सेवायत परिवार ठाकुरजी की विशेष कृपा मान रहा है।

तीन राष्ट्रपतियों को करा चुके हैं दर्शन

सेवायत गौरव गोस्वामी और डॉ. फ्रेंकी गोस्वामी ने बताया कि ठाकुरजी की कृपा से उनके परिवार को देश के प्रथम नागरिक को दर्शन कराने का अवसर मिलता रहा है।

  • वर्ष 1987 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमन को उनके पिताजी ने दर्शन कराए थे।
  • नवंबर 2014 में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कराने का अवसर मिला।
  • जून 2022 में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी ठाकुरजी के दर्शन करने आए, तब भी इन्हीं सेवायतों ने पूजा-अर्चना कराई।
  • अब 25 सितंबर 2025 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू वृंदावन दौरे पर आ रही हैं और इस दौरान बांकेबिहारी मंदिर में उन्हें दर्शन और पूजन कराया जाएगा।

सेवायत परिवार ने जताया आभार

सेवायत डॉ. फ्रेंकी गोस्वामी ने कहा कि यह संयोग है कि जब भी ठाकुरजी की सेवा का अवसर उनके हिस्से आया, उसी समय देश के राष्ट्रपति मंदिर में दर्शन के लिए पधारे। उन्होंने कहा कि इस बार भी राष्ट्रपति को ठाकुरजी की प्रसादी दी जाएगी।