श्रीबांकेबिहारी के दर्शन के बाद अलंकार अग्निहोत्री ने किया पार्टी बनाने का ऐलान

  • Tuesday February 17 2026 - 12:14 AM
  •  

  • सनातनी संस्कृति के नाम से बनाएंगे पार्टी, जरूरत पड़ने पर करेंगे दलों से गठबंधन
  • बोले – अयोध्या हारने के बाद अब काशी और मथुरा में भी हारेंगे

वृंदावन। यूजीसी के नए बिल के विरोध में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट पद से इस्तीफा देने के बाद वृंदावन आए अलंकार अग्निहोत्री ने राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि सनातनी संस्कृति के नाम से वह पार्टी बनाएंगे और उच्च वर्ग एवं सनातनियों की बात रखने तथा उन्हें राजनीति में विकल्प देने के लिए पार्टी बनाने के साथ ही चुनाव भी लड़ेंगे। अगर किसी दल से गठबंधन करना पड़ा तो वह भी करेंगे।

यह बात उन्होंने गोधूलि पुरम स्थित श्रीहरिदास धाम में आयोजित यूजीसी एवं एससी-एसटी कानून के विरोध में आयोजित बैठक से पहले पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने बताया कि श्री बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन करने के दौरान उन्हें पार्टी बनाने का विचार आया और वहीं से उन्होंने पार्टी गठन का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि धर्म स्थलों एवं मंदिरों का संरक्षण सरकार का नहीं बल्कि समाज का कर्तव्य है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या हारने के बाद अब सरकार काशी और मथुरा में भी हार का सामना करेगी। उनका आरोप है कि सरकार श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के जरिए प्राचीन संस्कृति को नष्ट करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक उच्च वर्ग एवं सनातनियों की बात सुनने वाला कोई नहीं है और उनके वर्ग के पास कोई राजनीतिक विकल्प नहीं है, जिसे वह उपलब्ध कराएंगे। इसके लिए विभिन्न संगठनों से बातचीत भी की जा रही है।

अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि वह तीन प्रमुख मुद्दों को लेकर आगे बढ़ रहे हैं, जिनमें विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए नियम, एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग और श्रीबांकेबिहारी कॉरिडोर का मुद्दा शामिल है। उन्होंने सरकार को सनातन विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार के फैसलों से समाज में विभाजन की स्थिति बन रही है।

उन्होंने कहा कि अपना दल, राजभर और अन्य दलों का अपना सम्मान है और वह भी अपने समाज का सम्मान बनाए रखने के लिए पार्टी का गठन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में कथित फर्जी एससी-एसटी एक्ट के मामलों की जानकारी एकत्र करने और ऐसे मामलों में फंसे लोगों को न्याय दिलाने के लिए उन्होंने एक ईमेल आईडी जारी की है। गुरुवार रात जारी इस ईमेल आईडी पर 40 से अधिक मेल प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें लोगों ने अपनी समस्याएं बताई हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एक सवर्ण अधिकारी को दो बार निलंबित किया गया और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया गया, जो कानून के दुरुपयोग का उदाहरण है। उन्होंने यूजीसी के नए नियमों पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अभिभावक अपने बच्चों को ऐसी व्यवस्था में पढ़ने भेजेंगे जहां न्याय के नाम पर शोषण हो।

उन्होंने ब्राह्मण समाज के नाम पर चुनाव जीतने वाले जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज के नाम पर टिकट लेकर चुनाव जीतने वाले सांसद और विधायक जीतने के बाद समाज से दूरी बना लेते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से सवाल किया कि आखिर वह समाज के मुद्दों पर कब बोलेंगे।