चार धाम यात्रा 2023ः जानिए कपाट खुलने से लेकर उनसे जुड़ी विशेष जानकारी

  • Monday April 24 2023 - 03:07 PM
  •  

रूद्रप्रयाग। सनातन धर्म में चार धाम यात्रा (Char dham Yatra 2023) का विशेष महत्व है। इस साल की उत्तराखंड चार धाम यात्रा की शुरुआत आज (22 अप्रैल 2023) से हो रही है। उत्तराखंड के चार धाम केदारनाथ, बद्रीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के पट खुल गए हैं। तीर्थयात्री पूरे उत्साह और आस्था के साथ यात्रा करने के लिए बड़ी संख्या में आ रहे हैं। हर साल शीत ऋतु में 6 महीने के लिए बंद कर दिए जाते हैं। तो आइए जानते हैं चार धाम खुलने के समय से लेकर इससे जुड़ी विशेष जानकारियां - 

गंगोत्री धाम यात्रा 22 अप्रैल 2023

शीतकालीन प्रवास मुखवा से 21 अप्रैल 2023 को मां गंगा की डोली गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। 22 अप्रैल 2023 को गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12ः35 पर खुल चुके हैं। गंगोत्री धाम पट खोलने से पहले सहस्त्रनाम गंगा लहरी का पाठ किया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार कहा जाता है कि गंगोत्री में स्थित गौरीकुंड में माता पार्वती खुद भगवान शिव की परिक्रमा करती हैं।

यमनोत्री धाम यात्रा 22 अप्रैल 2023

22 अप्रैल 2023 को चार धामों में से एक यमुनोत्री धाम के कपाट दोपहर 12ः41 पर खुल चुके हैं। ये कपाट कर्क लग्न और अभिजीत मुहूर्त में श्रद्धालुओं के लिए खोले गए हैं। मान्यताओं के अनुसार इस स्थान को असित मुनि का निवास स्थान माना जाता है। यमुनोत्री को यमराज की बहन और सूर्य की बेटी यमुना जी का उद्गम स्थल माना जाता है। यमुना नदी यमुनोत्री से ही निकलती है।

केदारनाथ धाम यात्रा 25 अप्रैल 2023

इस वर्ष केदारनाथ धाम के दर्शन भक्तजन 25 अप्रैल 2023 को सुबह 6ः20 पर मेघ लग्न में कर पाएंगे। 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम भी है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत युद्ध में की गई अपने भाईयों की हत्या के पाप का प्राश्चित करने के लिए पांडव केदारनाथ आए थे।

बद्रीनाथ धाम यात्रा 27 अप्रैल 2023

27 अप्रैल 2023 के दिन सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर तीर्थयात्री बद्रीनाथ के दर्शन कर पाएंगे। धार्मिक मान्यता के अनुसार बद्रीनाथ धाम के दर्शन के बिना चार धाम की यात्रा पूरी नहीं मानी जाती। यह पावन भ्ूमि भगवान विष्णु के 24 अवतारों में से एक नर और नारायण ऋषि की तपोभूमि है। प्रचलित मान्यता के अनुसार जो जाए बदरी वो ना आए ओदरी, अर्थात जो व्यक्ति एक बार बद्रीनाथ के दर्शन कर लेता है उसे मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है। फिर दोबारा उसका जन्म नहीं होता।