वृंदावन में श्री बांकेबिहारी को मंदिर पुरोहित ने नया पंचांग पढ़कर सुनाया

  • Wednesday April 10 2024 - 11:22 AM
  •  

  • नीम की कोंपल और माखन-मिश्री का लगा विशेष भोग
  • ठाकुर श्रीराधारमण मंदिर में भी सुनाया गया पंचांग, लगे छप्पन भोग

वृंदावन। नव संवत 2081 की प्रतिप्रदा तिथि यानी पहले दिन ठा. बांकेबिहारी मंदिर में मंगलवार को सुबह मंदिर के पुरोहित द्वारा भगवान के समक्ष नये पंचांग का पूजन किया गया। इसके बाद उसे पढ़कर भगवान श्रीबांकेबिहारी को सुनाया गया। मंदिर के सेवाधिकारी ने ठाकुरजी का माखन, मिश्री और नीम की कोंपल का भोग लगाया और उसे भक्तों में वितरित किया। उधर वृंदावन के प्राचीन सप्तदेवालयों मेें से एक श्री राधा रमण मंदिर में भी पुरोहित ने ठाकुरजी को पंचांग सुनाया।

मंगलवार सुबह बांकेबिहारी मंदिर में श्रृंगार आरती के बाद मंदिर के पुरोहित आचार्य छैलबिहारी मिश्र ने मंत्रोच्चारों के मध्य नए पंचांग का विधिविधान से पूजन किया। इसके बाद ठाकुर श्रीबांकेबिहारी को पंचांग सुनाया। मंदिर पुरोहित ने पूरे साल का लेखा जोखा ठाकुरजी के समक्ष रखा। वर्ष भर में होने वाले तिथि, पर्व, त्यौहारों का वाचन किया गया। इसके बाद मंदिर के सेवायत गोस्वामियों ने ठाकुरजी का माखन मिश्री और नीम की कोंपल का विशेष भोग लगाया कर भक्तों में वितरित किया और नव संवत की शुभकामनाएं दीं। इसके के बाद मंदिर के पुरोहित छैलबिहारी मिश्र ने वृंदावन के प्राचीन श्रीराधारमण मंदिर में भी ठाकुरजी को नया पंचांग पढ़कर सुनाया। मंदिर के सेवायत आचार्य पदमलोचन गोस्वामी ने ठाकुरजी के छप्पन भोग लगाए। 

पुरोहित छैलबिहारी मिश्र ने बताया कि नए हिंदी वर्ष का राजा मंगल और मंत्री शनि है। दोनों ही ग्रह तामसी हैं। इन दोनों ग्रहों के बीच संबंध अच्छे नहीं माने जाते हैं। इसलिए शासन, प्रशासन के बीच अनबन रहने पर जनता परेशान हो सकती है। इस वर्ष चार विभाग मंगल के पास हैं तो चार शनिवार के पास हैं। मेघेष का पद भी शनि को प्राप्त होने से इस वर्ष वर्षा कम होगी और गर्मी अधिक रहेगी। बारिश पहाड़ी क्षेत्रो में होगी। जिससे मैदानी क्षेत्रों मेें बाढ़ का खतरा बना रहेगा। 

युगों से चली आ रही भगवान को पंचांग सुनाने की पंरपरा

श्री राधरमण मंदिर के सेवायत आचार्य पदमलोचन गोस्वामी ने बताया कि मंदिरों युगों से संवत यानी हिंदी वर्ष से ही सभी पर्व, त्यौहार और उत्सव मनाए जाते हैं। तिथियां एवं वार संवत पंरपरा में ही निहित हैं। इसलिए मंदिरों में इसका विशेष महत्व है। उन्होंने बताया कि भगवान को नव पंचांग सुनाने की परंपरा युगों से चली आ रही है। सतयुग में प्रहलादजी को त्रेता में भगवान रामको द्वापर में भगवान कृष्ण को और अब देवालयों में पुरोहितों द्वारा पंचांग सुनाया जा रहा है।