पावन व समृद्ध हैं ठाकुर प्रियावल्लभ कुंज की परम्पराएं, मना 208 वां पाटोत्सव
वृन्दावन। छीपी गली स्थित ठाकुर प्रियावल्लभ कुंज में श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान के तत्वावधान में ठाकुर प्रियावल्लभ लाल एवं ठाकुर विजयराधवल्लभ लाल महाराज के 208 वें द्विदिवसीय पाटोत्सव के दूसरे दिन ठाकुर द्वय का पंचामृत से अभिषेक किया गया। साथ ही उनका वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य पूजन-अर्चन हुआ। इसके बाद राधवल्लभीय समाज मुखिया डॉ.श्याम बिहारी खण्डेलवाल व डॉ. जयेश खण्डेलवाल की मुखियाई में मंगल बधाई समाज गायन हुआ। ढांडीं-ढांढिंन नृत्य भी हुआ। मेवा-मिष्ठान, रुपये-कपड़े-खिलौने आदि लुटाए गए। ठाकुर जी का भव्य श्रृंगार किया गया। समूचे मंदिर का पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया।नौबत बजाई गयी।
पाटोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व जिलान्यायाधीश एस.एस. गुप्ता ने कहा कि प्रियावल्लभ कुंज की परम्पराएं अत्यंत पावन व समृद्ध हैं। यहां श्रीहितपरमानंद दास महाराज के परमाणु आज भी मौजूद हैं। जो कि असंख्य व्यक्तियों का कल्याण कर रहे हैं।
प्रियावल्लभ कुंज के सेवायत आचार्य विष्णुमोहन नागार्च ने कहा कि श्रीहितपरमानंद शोध संस्थान श्रीहितपरमानंद दास महाराज की लुप्त वाणियों को खोजने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ जुटा हुआ है। हम लोगों ने देश के विभिन्न प्रांतों से उनकी पांडुलिपियों को ढूंढ़ कर अपने पुस्तकालय में संग्रहित किया हुआ है। जिसका की प्रकाशन भी किया जा रहा है।
श्रीहितपरमानन्द शोध संस्थान के समन्वयक व "हित उत्सव" पत्रिका के प्रधान सम्पादक डॉ. गोपाल चतुर्वेदी में कहा कि हम अपनी पत्रिका में श्रीराधावल्लभ सम्प्रदाय के प्रख्यात सन्तों की विलुप्त पाण्डुलिलियों को खोज-खोज कर प्रकाशित कर रहे हैं। जिनका लाभ समूचे देश के शोधार्थी उठा रहे हैं। यदि हमें इस कार्य में केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकार का सहयोग मिल जाये तो हम इस कार्य को और अधिक तीव्रता के साथ कर सकते हैं। यदि ऐसा हो जाये तो भक्ति साहित्य और अधिक समुन्नत हो जाएगा।
इस अवसर पर अखिल भारतीय निर्मोही बड़ा अखाड़ा श्रीहित रासमण्डल के श्रीमहंत लाड़िली शरण महाराज, श्रीराधारमण मंदिर के सेवायत वैष्णवाचार्य श्रीवत्स गोस्वामी, हिताश्रम की सचिव साध्वी हितप्रिया किंकरी, आचार्य श्रीहितलालित वल्लभ नागार्च, कमला नागार्च,पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ, भागवताचार्य रामप्रकाश मधुर, पार्षद रसिक वल्लभ नागार्च, रासबिहारी मिश्रा, युगलकिशोर शर्मा, तरुण मिश्रा, भरत शर्मा, मस्तराम गौतम, डॉ. राधाकांत शर्मा, डॉ. चंद्रप्रकाश शर्मा, महन्त मधुमंगल शरण शुक्ल, पार्षद वैभव अग्रवाल,वसुधा सहचरी, चित्रा मिश्रा, प्रिया शर्मा,कृष्णा खण्डेलवाल,गोवर्धन दास अग्रवाल, ईश्वरचन्द्र रावत,हितवल्लभ नागार्च,रवि अग्निहोत्री, इंद्र शर्मा,पंडित राकेश दुबे,रोहित दुबे आदि की उपस्थिति विशेष रही। पाटोत्सव में ठाकुरजी को छप्पन-भोग लगाए गए।सन्त-ब्रजवासी सेवा एवं झरा भंडारा भी हुआ। संचालन डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने किया।



