श्रीबांके बिहारी मंदिर न्यास बनाए जाने पर शंकराचार्य भड़के, बोले - गोरखनाथ मंदिर का भी अधिग्रहण करें
मथुरा। श्रीबांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर मंदिर के सेवायत गोस्वामियों का विरोध जारी है तो प्रदेश की योगी सरकार तेजी से कॉरिडोर के साथ ही मंदिर प्रबंधन को अपने हाथ में लेने में जुटी है। मंदिर न्यास के गठन का लेकर प्रदेश की राज्यपाल द्वारा अध्यादेश जारी किया जा चुका है। सरकार द्वारा बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास बनाए जाने पर ज्योतिष्पीठाधीश्वर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने नाराजगी जताई है।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर के मामले में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पूर्व में जिस कॉरिडोर का विरोध कर रहे थे, सरकार में आने पर उसी कॉरिडोर को बना रहे है। जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रह है। वह धर्म स्थल को धर्म निरपेक्ष स्थल बनाने जा रहे हैं, जो कि अनुचित है। मंदिरों को अधिग्रहण कर लेगी तो यह सनातन धर्म के लिए उचित नहीं है।
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि हमें बड़ा आश्चर्य हो रहा है कि एक तरफ सनातन धर्म के धर्माचार्य पूरे देश में मुहिम चलाए हुए हैं कि सरकार जिन-जिन मंदिरों और धर्मस्थानों का अधिग्रहण किया है, उनको वापस लिया और सनातन धर्म बनाकर धर्माचार्यों द्वारा उसका संचालन किया जाए। दूसरी ओर सरकार ट्रस्ट बनाकर उसको अधिग्रहित कर ले रही है और कोई कुछ बोल नहीं रहा है। यही नहीं उन्होंने वृंदावन के कथा वाचक देवकीनंद ठाकुर की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। मुहिम को सबसे आगे बढ़ाने वाले देवकीनंदन ठाकुर के ही वृंदावन में बांके बिहारी परंपरा से सेवायतों और पुजारियों के हाथों में था, उसको सरकार ने अधिग्रहित कर ले रही है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार अधिग्रहण के लिए तत्पर है तो गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर का भी अधिग्रहण किया जाए।
ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती इन दिनों काशी प्रवास के दौरान मनुस्मृति पर व्याख्यान दे रहे हैं। वीडियो जारी कर उन्होंने वृंदावन के धर्माचार्यों से आह्वान किया कि किसी भी कीमत पर बांके बिहारी मंदिर का अधिग्रहण न होने दें। जब सरकार मंदिर को अधिग्रहित करते वहां सरकारी अधिकारी बैठा देगा तो भविष्य में फिर वहां धर्म की क्या व्यवस्था देखने को मिलेगी?
उन्होंने कहा कि सरकार को सनातनी मंदिरों को अधिग्रहित करने का क्या अधिकार है? बांके बिहारी मंदिर गोस्वामी परंपरा के अनुसार चलता है, हमें उस परंपरा का पोषण करना है। यदि कोई कमी है तो उसको ठीक किया जाना चाहिए, न कि गड़बड़ी के नाम पर धर्मस्थान को सरकार अधिग्रहित कर ले।
शंकराचार्य ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर का सरकार अधिग्रहण करेगी तो योगी जी को कैसा लगेगा। कहा कि जब आप बांके बिहारी मंदिर को ट्रस्ट बनाकर वहां सेवायतों महंतों को आप अलग करना चाहते हैं तो आपके गोरखनाथ मंदिर को भी ट्रस्ट बनाकर अधिग्रहित कर लिया जाए। साथ ही आपके मंदिर ट्रस्ट के रुपये से जनता की सुविधा के लिए सार्वजनिक स्थान बन जाए।



