वृंदावन की विधवा माताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बांधी राखी
वृंदावन की विधवा माताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को बांधी राखी, भेंट कीं अपने हाथों से बनाई 1100 से अधिक राखियां
वृंदावन। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वृंदावन में रह रही विधवा और वृद्ध माताओं ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपना स्नेह प्रकट करते हुए एक खास पहल की है। 'सुलभ इंटरनेशनल' के सहयोग से वृंदावनवास कर रही इन माताओं ने प्रधानमंत्री के लिए अपने हाथों से 1100 से अधिक विशेष राखियां तैयार कीं, जिन पर प्रधानमंत्री की तस्वीरें भी सुसज्जित थीं।
पीएम आवास पर बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र
विभिन्न राज्यों से आकर वृंदावन में जीवन यापन कर रहीं विधवा महिलाओं में से पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास ले जाया गया। वहाँ पहुँचकर माताओं ने अपने प्रिय भाई और देश के प्रधानमंत्री की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उन्हें हाथ से बनी राखियां भेंट कीं।
प्रधानमंत्री ने जाना कुशलक्षेप, व्यक्त किया आभार
प्रधानमंत्री से मिलने दिल्ली पहुँचीं माताओं में शोभा अधिकारी, सोता देवी, गीता दासी, पुष्पा अधिकारी और मेनका मंडल शामिल थीं। इस भावुक अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सभी माताओं और बहनों का हाल-चाल जाना, उनके साथ आत्मीय बातचीत की और इस स्नेहपूर्ण उपहार के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री से मिलने और उनकी कलाई पर राखी बांधने के बाद सभी विधवा एवं वृद्ध माताओं ने बेहद खुशी जताई। सुलभ इंटरनेशनल पिछले कई वर्षों से वृंदावन की विधवा महिलाओं के पुनर्वास और उनके जीवन में खुशियां लाने के लिए इस तरह के आयोजनों का आयोजन करता आ रहा है।



