वृंदावन में ब्रज चौरासी कोस पड़ाव की सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्ज़े को हटाती नगर निगम की टीम।
ब्रज चौरासी कोस पड़ाव की ज़मीन पर अवैध कब्ज़े की कोशिश, विश्वनाथ महोविया व 15 अज्ञात पर FIR
वृन्दावन (मथुरा)। मथुरा-वृन्दावन नगर निगम की करोड़ों रुपये की कीमत वाली सरकारी भूमि पर अवैध कब्ज़ा करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने की साज़िश का बड़ा मामला सामने आया है। पवनहंस हैलीपैड के सामने स्थित ब्रज चौरासी कोस पड़ाव स्थल (खसरा सं. 583च) की भूमि पर रात के अंधेरे में अवैध कब्ज़ा करने की कोशिश की गई, जिसके खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए थाना वृन्दावन में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है।
क्या है पूरा मामला?
नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के राजस्व निरीक्षक (नजूल) कमल सिंह द्वारा थाना वृन्दावन में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, मौजा राजपुर बांगर स्थित खसरा संख्या 583च की 10,800 वर्गमीटर ज़मीन नगर निगम की संपत्ति है। इस भूमि पर पिछले कई वर्षों से नगर निगम का आधिपत्य चला आ रहा है और इसे तारफेसिंग (fencing) व सरकारी बोर्ड लगाकर सुरक्षित किया गया था।
26 अक्टूबर 2026 की रात मथुरा यमुनापार,लक्ष्मी नगर, कुआं वाली गली निवासी विश्वनाथ महोविया उर्फ मिंटू महोविया ने अपने 10 से 15 अज्ञात साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अवैध कब्ज़े का प्रयास किया। आरोपियों ने नगर निगम के सरकारी बोर्ड उखाड़ दिए, तारफेसिंग काट दी और रात में मिट्टी डलवाकर कंटेनरनुमा दफ़्तर खड़ा कर दिया।
नगर निगम की कार्रवाई पर धक्का-मुक्की और धमकी
घटना की जानकारी मिलते ही 27 अक्टूबर 2026 को नगर निगम की टीम, राजस्व निरीक्षक कमल सिंह, लेखपाल पूरन सिंह और प्रवर्तन दल की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँची और अवैध कब्ज़ा हटवाया। आरोप है कि कब्ज़ा हटवाने के दौरान आरोपी विश्वनाथ महोविया और उसके 10-15 साथियों ने संगठित होकर नगर निगम की टीम के साथ अभद्रता व गाली-गलौज की, मारपीट की धमकी दी और सरकारी कार्य में रोड़ा अटकाया।
पुलिस की कार्रवाई और धाराएं
सीओ वृन्दावन संदीप सिंह ने बताया कि नगर निगम की शिकायत पर थाना वृन्दावन पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उप-निरीक्षक रोहित सिंह को इस मामले की जांच सौंपी गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत धारा 191(2): बलवा / दंगा करना (Rioting), धारा 132: सरकारी सेवक पर हमला या उसके काम में बाधा डालना, धारा 352: शांति भंग करने के इरादे से अपमानित करना, धारा 351(2): आपराधिक धमकी, धारा 329(3): संपत्ति को नुकसान पहुँचाना- अवैध अतिचार में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी व उसके संगठित गिरोह के खिलाफ जल्द कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



