असद अहमद के शव को लेने प्रयागराज से झांसी वकीलों के साथ जाएंगे नाना और मामा
कानपुर। गुरुवार को झांसी में यूपी एसटीएफ से हुए एनकाउंटर में मारे गए माफिया अतीक अहमद के बेटे असद (Asad Ahamad) की डेड बॉडी लेने के लिए प्रयागराज से उसके नाना और मामा जाएंगे। जानकारी के मुताबिक असद के नाना और मामा के साथ तीन अधिवक्ता भी शवों को लेने झांसी जाएंगे।
गुरुवार को झांसी में हुए एनकाउंटर में असद और उसका साथी शूटर गुलाम यूपी एसटीएफ के हाथों मारा गया था। यूपी पुलिस को अतीक के बेटे असद और उसके दोस्त के पास से विदेशी हथियार और कारतूस मिले हैं। यूपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की एक टीम ने अतीक अहमद के बेटे मोहम्मद असद अहमद को शूटर गुलाम के साथ गुरुवार को झांसी में मुठभेड़ में मार गिराया था। उमेश पाल हत्याकांड में दोनों की तलाश थी और ये फरार चल रहे थे। दोनों के सिर पर पांच लाख रुपये का इनाम था।
आपको बता दें कि प्रयागराज के उमेश पाल हत्याकांड में असद की पुलिस को सरगर्मी से तलाश थी। असद अहमद 24 फरवरी को प्रयागराज के धूमनगंज में उमेश पाल पर फायरिंग करते हुए कैमरे में कैद हुआ था। इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस अभी तक चार आरोपियों को एनकाउंटर में ढेर कर चुकी है। असद से पहले अरबाज और उस्मान नाम शूटर्स को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। असद के एनकाउंटर के बाद उसके पिता समेत पूरे परिवार में हड़कंप मचा है।



