वृंदावन: केशीघाट पर 28 अगस्त को श्रावणी उपाकर्म पूजा, जानें पूजन का समय और महत्व

  • Wednesday August 26 2026 - 10:15 AM
  •  

वृंदावन। आचार्य पंडित नरोत्तम लाल सेवा संस्थान के तत्वावधान में श्रावणी उपाकर्म पूजा का भव्य आयोजन किया जाएगा।यह आयोजन 28 अगस्त (शुक्रवार) को प्रातः काल वृंदावन स्थित प्रसिद्ध केशी घाट पर प्राचीन श्री हनुमानजी मंदिर के सामने होगा।

आचार्य विष्णु कांत शास्त्री ने बताया कि यह पूजा पूरी तरह से निःशुल्क है और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की पूजन सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि श्रावणी उपाकर्म विप्र मात्र के साथ-साथ ब्राह्मण, क्षत्रिय और वैश्य समाज के लिए अत्यंत अनिवार्य पूजा है। इसके अनुष्ठान से वर्ष भर में जाने-अनजाने में हुए सभी पापों का क्षय होता है और जीव पवित्र होकर भगवद आराधना के योग्य बनता है।

कार्यक्रम के संबंध में आचार्य मृदुल कांत शास्त्री ने बताया कि पूजन कार्यक्रम शुक्रवार, 28 अगस्त को प्रातः ठीक 7:00 बजे प्रारंभ होगा। केशीघाट पर उपाकर्म पूजा के पश्चात प्राचीन श्री राधाकांत मंदिर में सप्तऋषि पूजन एवं यज्ञोपवीत (जनेऊ) पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में कई प्रमुख संतों एवं विद्वानों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

कार्यक्रम संयोजक पवित्र कृष्ण शर्मा ने संपूर्ण विप्र समाज एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पवित्र अनुष्ठान में सहभागिता करने का अनुरोध किया है।