श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गेट-2 के समीप श्रद्धालुओं और दुकान कर्मचारी में मारपीट, वीडियो वायरल

  • Monday November 16 2026 - 01:14 AM
  •  

  • धक्का लगने के बाद शुरू हुआ विवाद, छेड़खानी का आरोप लगाकर श्रद्धालुओं ने कर्मचारी को पीटा
  • लहूलुहान कर्मचारी अस्पताल में भर्ती, दोनों पक्षों ने कोतवाली में दी एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर

वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गेट संख्या-2 के समीप शनिवार दोपहर भारी भीड़ के बीच एक श्रद्धालु परिवार और स्थानीय दुकान के कर्मचारी के बीच जमकर मारपीट हो गई। श्रद्धालुओं ने कर्मचारी पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया है और दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गौतमपाड़ा निवासी सूरज चौहान मंदिर की गली स्थित 'लाल घी वाले' की दुकान पर काम करता है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे वह गेट संख्या-2 की ओर से अपनी दुकान की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चंडीगढ़ से दर्शन के लिए आया एक श्रद्धालु परिवार भीड़ के बीच मंदिर की ओर बढ़ रहा था। रास्ते में भीड़ के दबाव के कारण आपस में धक्का लग गया, जिस पर श्रद्धालु ने सूरज को विपरीत दिशा से आने पर टोक दिया।

कपड़े फाड़े, नाक और मुंह से बहा खून

टोकने की बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि श्रद्धालुओं ने कर्मचारी पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए उस पर हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान कर्मचारी के कपड़े फट गए और सिर व मुंह पर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई और घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। मामले में घायल कर्मचारी और चंडीगढ़ निवासी श्रद्धालु पक्ष ने एक-दूसरे के विरुद्ध कोतवाली में तहरीर दी है।

"झगड़े के मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के विरुद्ध तहरीर प्राप्त हुई है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का भी संज्ञान लिया गया है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।"

— संदीप सिंह, सीओ वृंदावन