वृंदावन: श्रीबांकेबिहारी की शरण में भाजपा महासचिव अरुण सिंह, अखिलेश और ममता पर साधा निशाना

  • Monday June 08 2026 - 07:14 PM
  •  

वृंदावन। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने सोमवार को सपरिवार ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किए। उन्होंने वैदिक विधि-विधान से ठाकुर जी की आराधना की और देश की सुख-समृद्धि, शांति तथा खुशहाली की कामना की। मंदिर के सेवाायतों द्वारा उन्हें प्रसाद और अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद दिया गया।

"अखिलेश को मुस्लिम वोट बैंक खिसकने का डर"

बांकेबिहारी के दर्शन करने के बाद मीडिया से रूबरू हुए अरुण सिंह पूरी तरह से राजनीतिक रंग में नजर आए। उन्होंने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा और तीखा हमला बोला। सिंह ने तंज कसते हुए कहा "अखिलेश यादव माथे पर तिलक लगाने से भी डरते हैं। उन्हें हर वक्त सिर्फ इस बात का डर सताता रहता है कि कहीं तिलक लगाने से उनका मुस्लिम वोट बैंक उनसे छिटक न जाए।"

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों पर बड़ा दावा

विपक्ष को घेरते हुए भाजपा महासचिव यहीं नहीं रुके। उन्होंने पश्चिम बंगाल के हालिया चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया। अरुण सिंह ने कहा कि बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की बुरी तरह हार हुई है और भारतीय जनता पार्टी ने वहां प्रचंड जीत हासिल कर अपना परचम लहराया है। ठाकुरजी की चौखट पर पहुंचे भाजपा के कद्दावर नेता के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति को लेकर बहस छिड़ना तय माना जा रहा है।