भारत निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाना होगा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

  • Saturday September 20 2025 - 01:52 PM
  •  

मथुरा, फरह (नगला चंद्रभान)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि यदि भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र और विश्व की सबसे बड़ी ताकत बनाना है, तो इसके लिए उत्तर प्रदेश की प्रगति और आत्मनिर्भरता सबसे अहम है। उन्होंने यह बात पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति महोत्सव मेला में आयोजित विराट युवा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की स्वदेशी दृष्टि आज भी उतनी ही प्रासंगिक है और उसी के आधार पर भारत को आत्मनिर्भर और शक्तिशाली बनाया जा सकता है।

आत्मनिर्भरता ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की दृष्टि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सपना था – “हर हाथ को काम और हर खेत को पानी।” यही विचार आज आत्मनिर्भर भारत का आधार है। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बनेगा, तो रोजगार की समस्या समाप्त होगी, युवाओं को नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि होगी।

योगी ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने हमेशा स्वदेशी और अंत्योदय का मंत्र दिया। उनकी सोच थी कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए “वोकल फॉर लोकल” और स्वदेशी के मंत्र में पंडित दीनदयाल की वही दृष्टि परिलक्षित होती है।

औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण और महिला स्वावलंबन

मुख्यमंत्री ने दीनदयाल धाम में बने औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र का अवलोकन किया। यहां महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे रेडीमेड गारमेंट्स और सिलाई कार्य को देखकर उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ा कदम है।

उन्होंने विभिन्न गौ-आधारित उत्पादों का भी निरीक्षण किया और कहा कि यह स्वदेशी मॉडल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब महिलाएं और किसान स्वदेशी के मार्ग पर चलते हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव आता है और दूसरों के लिए भी प्रेरणा बनती हैं।

किसानों और गरीबों के लिए योजनाएं

  • योगी आदित्यनाथ ने केंद्र और राज्य सरकार की उन योजनाओं का जिक्र किया, जिनसे गांव, गरीब और किसानों का जीवन बदल रहा है।
  • 80 करोड़ लोगों को पिछले 5.5 साल से मुफ्त राशन मिल रहा है।
  • 11 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, सिंचाई योजना और स्वाइल हेल्थ कार्ड जैसी योजनाओं से सीधा लाभ पहुंचा है।
  • लागत का डेढ़ गुना मूल्य किसानों को दिया जा रहा है।
  • श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ा गया है।
  • मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं ने न सिर्फ किसानों की आय बढ़ाई है, बल्कि देश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती दी है।

युवाओं को जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बनाया

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की स्टार्टअप और स्टैंडअप योजनाओं ने युवाओं को रोजगार खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बना दिया है। आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप हब बन चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना चलाई जा रही है, जिसके अंतर्गत युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। लगभग 70 हजार युवा इस योजना का लाभ ले रहे हैं।

स्वदेशी को बढ़ावा देने का आह्वान

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की प्रगति में स्वदेशी वस्तुओं की बड़ी भूमिका है। उन्होंने जनता से अपील की कि त्योहारों और अवसरों पर विदेशी वस्तुओं के बजाय स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को खरीदें और उपहार में दें। उन्होंने कहा कि जब हम स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों से उत्पाद खरीदते हैं, तो उसका पैसा सीधा उनकी जेब में जाता है और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। वहीं विदेशी वस्तुओं से होने वाला लाभ विदेश जाता है, जो भारत के खिलाफ गतिविधियों में भी इस्तेमाल हो सकता है।

उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब देश आजाद हुआ था, तब उत्तर प्रदेश सबसे समृद्ध राज्यों में गिना जाता था और देश की अर्थव्यवस्था में 14% योगदान देता था। लेकिन उपेक्षा और गलत नीतियों के कारण यह पिछड़ गया और सातवें-आठवें स्थान पर चला गया।

उन्होंने कहा कि पिछले 8 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई नीतियों के चलते आज उत्तर प्रदेश देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। इसमें “एक जनपद एक उत्पाद (ODOP)” योजना की अहम भूमिका रही है, जिसने स्वदेशी उत्पादों को पहचान दिलाई और लाखों लोगों को रोजगार दिया।

भारत की प्रगति में यूपी की अहम भूमिका

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत आज दुनिया की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इसमें उत्तर प्रदेश की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि 96 लाख यूनिट्स ODOP योजना के तहत काम कर रही हैं और करीब 2 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने कहा कि यदि स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के इस मॉडल को अपनाया जाए, तो 2047 तक भारत निश्चित रूप से दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनेगा।

युवाओं की शक्ति ही भारत का भविष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की 60% आबादी युवा है और उत्तर प्रदेश सबसे अधिक युवा ऊर्जा का केंद्र है। यही युवा शक्ति भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाएगी।