श्रीकृष्‍ण जन्‍मभूमि-शाही ईदगाह विवादः हिन्दू जून से पहले ईदगाह का सर्वे और शुद्धिकरण को दी अर्जी, 1 जुलाई को होगी सुनवाई

  • Tuesday May 24 2022 - 09:39 AM
  •  

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान और ईदगाह प्रकरण को लेकर सरगर्मी बनी हुई है। सोमवार को सिविल जज सीनियर डिवीजन की कोर्ट में दो प्रार्थनापत्र दिए गए। एक प्रार्थनापत्र में मांग की गई कि जून की छुट्टियों से पहले ही अमीन कमीशन की नियुक्ति कराकर ईदगाह का सर्वे कराया जाए, जबकि दूसरे प्रार्थनापत्र में ईदगाह को श्रीकृष्ण जन्मभूमि का गर्भगृह मानकर उसे यमुना और गंगाजल से शुद्ध करने की मांग रखी गई। दोनों ही मामलों की सुनवाई की तारीख कोर्ट ने एक जुलाई दी है। 

सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत में सौरभ गौड़ के वाद 950/20 में प्रार्थनापत्र देकर मांग की गई है कि ठा. केशवदेव महाराज 13.37 एकड़ के स्वामी हैं। इनके भव्य मन्दिर को औरंगजेब ने तुड़वाकर मन्दिर के ही पत्थरों से ही उस जगह एक ढांचा, जिसे ईदगाह कहा जाता है, बनवा दिया। उसे ढांचे के पत्थरों पर पच्चीकारी हिन्दू स्थापत्यकला दर्शाती है। विभिन्न पत्थरों पर उसे देखा जा सकता है। चूंकि अगली सुनवाई 1 से 30 जून के ग्रीष्मावकाश यानि गर्मी की छुट्टी के बाद 1 जुलाई को होगी, इसलिए प्रतिवादी यानि की ईदगाह पक्ष द्वारा उससे छेड़छाड़ की आशंका है। ऐसे में ये तथ्य नोट करने के लिए अमीन कमीशन व एडवोकेट कमिश्नर से विवादित स्थल का सर्वे कराकर रिपोर्ट मंगाया जाना जरूरी है। इस प्रार्थनापत्र के बाद भी कोर्ट ने इसकी सुनवाई के लिए 1 जुलाई की तारीख तय कर दी।

वहीं इसी कोर्ट में अखिल भारत हिन्दू महासभा के कोषाध्यक्ष दिनेश कौशिक ने वाद संख्या 174/21 में प्रार्थनापत्र देकर दावा किया कि जिस स्थान पर शाही मस्जिद ईदगाह है वास्तव में वहीं भगवान कृष्ण का प्राचीन गर्भगृह है। उन्होंने कोर्ट में अर्जी लगाई है कि ईदगाह में मंदिर के गर्भगृह की शुद्धि के लिए युमना और गंगाजल से करने की इजाजत दी जाएं।