वृंदावन में सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव का शुभारंभ करते संघ प्रमुख मोहन भागवत एवं महंतजन।
हिंदू किसी की वीरता या शौर्य से नहीं बल्कि आपसी फूट के कारण हाराः मोहन भागवत
वृंदावन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट होकर राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए कार्य करना होगा। यह विचार संघ की पंच परिवर्तन की अवधारणा से पूरी तरह मेल खाता है। संत समाज भी यही चाहता है कि भारत भेदभाव मुक्त बने, जिससे सच्ची एकता स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज कभी किसी के बल, वीरता या शौर्य से पराजित नहीं हुआ, बल्कि जब भी पराजय हुई, वह आपसी फूट के कारण हुई।
ये विचार उन्होंने शनिवार को वृंदावन के कुंभ क्षेत्र स्थित सुदामा कुटी के शताब्दी महोत्सव में व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भगवान रामानंदाचार्य ने दुनिया को भक्ति और समरसता का संदेश दिया। उन्होंने सिखाया कि अपने स्वार्थ की हानि करके भी अपनों की हानि नहीं होने देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक यह भाव नहीं जागृत होगा कि हम सभी अपने हैं, तब तक समाज के साथ खड़े होने की क्षमता विकसित नहीं हो सकती। उन्होंने धर्म, हिंदू एकता और राष्ट्रधर्म को संत महापुरुषों के विचारों से जोड़ते हुए संघ की पंच परिवर्तन की अवधारणा को वर्तमान परिस्थितियों के समाधान के रूप में प्रस्तुत किया।
उन्होंने कहा कि भारत का निर्माण धर्म की रक्षा और प्रचार के लिए हुआ है, ताकि समय-समय पर दुनिया को धर्म के ज्ञान से आलोकित किया जा सके। उन्होंने कहा कि भारतवासियों का जीवन ऐसा होना चाहिए कि उनके आचरण को देखकर दुनिया यह सीखे कि धर्ममय जीवन कैसे जिया जाता है।
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि जो लोग नियम और मर्यादा के साथ जीवन जीते हैं, उन्हीं की उन्नति होती है। सभी हिंदुओं को एकजुट होकर राष्ट्र और समाज की उन्नति के लिए प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि संघ की पंच परिवर्तन की अवधारणा भी इसी विचारधारा से जुड़ी है और संत समाज भी भेदभाव मुक्त भारत की आवश्यकता पर बल देता है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज कभी किसी बाहरी शक्ति के बल, वीरता या शौर्य से पराजित नहीं हुआ। जब-जब पराजय हुई, उसका कारण हिंदुओं में आपसी फूट रही। यदि भारत भेदभाव मुक्त बनेगा, तो स्वाभाविक रूप से एकता सुदृढ़ होगी।
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत एक है, लेकिन दुनिया भारत को भाषा, जाति और वर्ग के आधार पर विभाजित कर देखती है। दुनिया जितने प्रकार के हिंदू मानती है, उतने ही प्रकार के हिंदुओं को एक-दूसरे का मित्र बनना होगा। सभी जाति, धर्म और भाषा के लोगों के साथ मित्रतापूर्ण संबंध रखने का संदेश भगवान रामानंदाचार्य ने दिया है, जिसे जीवन में उतारने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि बाहरी एकता परिस्थितियों के अनुसार बदलती रहती है, लेकिन आंतरिक एकता स्थायी होती है। जब व्यक्ति भीतर से जुड़ता है, तब उसे अनुभव होता है कि सभी अपने हैं। इसके लिए आत्मचिंतन, एकांत साधना और स्वयं को पहचानना आवश्यक है। संत सुदामा दास महाराज ने भी अपने जीवन से यही संदेश दिया है। संघ प्रमुख ने कहा कि संघ की कुटुंब प्रबोधन की अवधारणा भी इसी भावना पर आधारित है। उन्होंने कहा कि जो संस्कार हमारी संस्कृति ने हमें सिखाए हैं, वही संस्कार हमें अपने परिवार और बच्चों को देने चाहिए। जो कार्य हम प्रतिदिन अपने और अपने परिवार के लिए करते हैं, वही कार्य समाज के लिए भी करने की भावना विकसित करनी होगी।
पर्यावरण विषय पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पर्यावरण और मानव अलग नहीं हैं। पश्चिमी विचारधारा यह मानती है कि मनुष्य सृष्टि का स्वामी है, जबकि भारतीय परंपरा यह मानती है कि मनुष्य सृष्टि का अंग है। इसी भाव से प्रकृति और मिट्टी के प्रति अपनापन उत्पन्न होता है। उन्होंने शकुंतला और दुष्यंत के प्रसंग के माध्यम से प्रकृति से जुड़ाव का भाव भी प्रस्तुत किया।
परिचय पुस्तिका और ‘गोदान’ फिल्म के पोस्टर का किया विमोचन
वृंदावन | संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शताब्दी महोत्सव के अवसर पर संतों के सानिध्य में सुदामा कुटी आश्रम की परिचय पुस्तिका का विमोचन किया। सुदामा कुटी के महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने बताया कि सुदामा कुटी की स्मारिका का विमोचन शताब्दी समारोह के समापन अवसर पर 27 जनवरी 2027 को संघ प्रमुख द्वारा किया जाएगा।
इसके बाद संघ प्रमुख ने फिल्म निर्माता विनोद कुमार चौधरी द्वारा निर्मित गौ सेवा पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ के पोस्टर का भी विमोचन किया। फिल्म निर्माता ने बताया कि यह फिल्म छह फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में गौमाता से जुड़े सांस्कृतिक और वैज्ञानिक मूल्यों को दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म केवल एक कथा नहीं, बल्कि एक अनुभूति है, जिसे हरिद्वार से लेकर नोएडा तक महसूस किया जा रहा है। इस अवसर पर संतों और महंतों ने संघ प्रमुख का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
भगवान रामानंदाचार्य के संदेश वर्तमान में प्रासंगिक
वृंदावन | मणिरामदास छावनी अयोध्या के महंत कमल नयनदास महाराज ने कहा कि भगवान रामानंदाचार्य महाराज ने लगभग सात सौ वर्ष पूर्व जाति-पांति का भेद मिटाकर भक्ति के माध्यम से समाज को एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके संदेश को समझकर हिंदू समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है, तभी सनातन धर्म और हिंदुओं की रक्षा संभव है।
साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि राष्ट्र रक्षा के लिए संतों ने सदैव समाज को दिशा देने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि भक्ति के साथ समर्पण आवश्यक है और भक्ति से ही समाज और राष्ट्र का उद्धार संभव है। मलूक पीठाधीश्वर महंत राजेंद्र दास महाराज ने कहा कि संत सुदामा दास महाराज ने अपने जीवन को संत सेवा और गौ सेवा के लिए समर्पित कर समाज को प्रेरणा दी। गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि संत परंपरा का त्याग और तप ही भारत की विशिष्ट पहचान है। महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने कहा कि संघ और सुदामा कुटी दोनों शताब्दी वर्ष मना रहे हैं। संघ ने राष्ट्रधर्म का संदेश दिया, जबकि संत सुदामा दास महाराज ने भक्ति और कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज को दिशा दी। सुदामा कुटी द्वारा देशभर में 40 आश्रमों का संचालन किया जा रहा है।
संत सुदामा दास महाराज की शोभायात्रा का पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
वृंदावन | संत सुदामा दास महाराज के वृंदावन आगमन के सौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित शताब्दी समारोह के अंतर्गत शनिवार सुबह भव्य शोभायात्रा निकाली गई। सुदामा कुटी के महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज के सानिध्य में निकली शोभायात्रा का भक्तों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।
शोभायात्रा में भगवान राम-जानकी, भगवान जगन्नाथ, अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में विराजमान प्रभु श्रीराम, भगवान शिव, गणेश सहित अनेक देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा सुदामा कुटी से प्रारंभ होकर रंगजी मंदिर, चुंगी चौराहा, किशोरपुरा, विद्यापीठ चौराहा होते हुए पुनः सुदामा कुटी पर संपन्न हुई।
इस दौरान देशभर से आए हजारों श्रद्धालु भक्ति संगीत की धुनों पर नाचते-झूमते नजर आए। कार्यक्रम में महंत अमरबिहारी दास, महंत लाडलीशरण महाराज, रामायण महाराज, भरत शर्मा, मोहन शर्मा सहित अनेक संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।



