शिष्या से रेप के मामले में आसाराम बापू दोषी करार, गांधीनगर कोर्ट कल सुनाएगी सजा
गांधीनगर। गुजरात के गांधीनगर की अदालत ने शिष्या से दुष्कर्म के मामले में सोमवार (30 जनवरी) को आसाराम बापू को दोषी करार दिया है। सूरत में 2013 में दो बहनों से रेप के मामले में गांधीनगर सेशन कोर्ट ने आसाराम बापू को दोषी करार दिया है। आसाराम का बेटा नारायण साईं भी इस मामले में आरोपी था।
इस मामले में आसाराम की पत्नी लक्ष्मी, बेटी भारती और चार महिला अनुयायियों- ध्रुवबेन, निर्मला, जस्सी और मीरा को भी आरोपी बनाया गया था। इन सभी को गांधीनगर कोर्ट ने बरी कर दिया था। आसाराम वर्तमान में जोधपुर जेल में बंद है। कोर्ट ने दुष्कर्म के मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया है। आसाराम को कल मगलवार सजा सुनाई जाएगी। 2013 में सूरत की दो बहनों ने नारायण साईं और उसके पिता आसाराम के खिलाफ रेप की शिकायत दर्ज कराई थी। छोटी बहन ने शिकायत में कहा था कि नारायण साईं ने 2002 से 2005 के बीच उसके साथ बार-बार रेप किया।
दो बहनों ने लगाए थे रेप के आरोप
पीड़ित शिष्या के मुताबिक, जब वह सूरत में आसाराम के आश्रम में रह रही थी, तब उसके साथ रेप हुआ था। वहीं बड़ी बहन ने शिकायत में आसाराम पर रेप का आरोप लगाया था। पीड़िता ने कहा कि अहमदाबाद के आश्रम में आसाराम ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। दोनों बहनों ने पिता-पुत्र के खिलाफ अलग-अलग तहरीर दी थी।
आसाराम जोधपुर की एक जेल में बंद है
आसाराम बापू इस समय जोधपुर की एक जेल में बंद हैं। 2018 में जोधपुर की एक अदालत ने उन्हें यौन उत्पीड़न के एक अलग मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। उन्हें 2013 में अपने जोधपुर आश्रम में एक 16 वर्षीय शिष्या के साथ बलात्कार करने का दोषी पाया गया था।
आसाराम बापू 10 साल से जेल में हैं
जेल में बंद आसाराम बापू ने हाल ही में कोर्ट से जमानत मांगी थी। जमानत अर्जी में आसाराम ने कहा था कि वह पिछले 10 साल से जेल में है। उनकी उम्र 80 साल से ज्यादा है। वह गंभीर बीमारियों से ग्रसित है। सुप्रीम कोर्ट को उनकी जमानत याचिका पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करना चाहिए और जमानत आदेश जारी करना चाहिए ताकि उन्हें उचित इलाज मिल सके।



