भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
चंडीगढ़। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को करनाल स्थित राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) के 19वें दीक्षांत समारोह में शामिल हुईं। राष्ट्रपति मुर्मू ने इस दौरान 544 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की और गोल्ड मेडल से सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह सदैव नया सीखने के लिए प्रयत्नशील रहें तथा जन कल्याण के लिए कार्य करें।
राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से अग्राह किया कि आप राष्ट्र की प्रगति में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें और डेयरी उद्योग में रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ उद्यमी अवश्य बनें। इस क्षेत्र में विकास की असीम संभावनाएं हैं और आपको इन संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है। भारत का विश्व के दूध उत्पादन में लगभग 22 प्रतिशत का योगदान है। डेयरी सेक्टर का देश की जीडीपी में लगभग पांच प्रतिशत का योगदान है तथा डेयरी उद्योग से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से 8 करोड़ परिवारों को आजीविका प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि डेयरी सेक्टर में 70 प्रतिशत से अधिक भागीदारी महिलाओं की है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत में गाय और भैंस की अनेक प्रजातियां पाई जाती हैं। कुछ नस्लें दूसरी नस्ल की तुलना में 4 से 5 गुना अधिक दूध देने की क्षमता रखती हैं। एनडीआरआई द्वारा दूध देने वाली गाय और भैंस का क्लोन बनाने की तकनीक विकसित की गई है, यह सराहनीय बात है। इससे पशुओं की दुग्ध उत्पादन क्षमता को बढ़ाया जा सकता है और किसानों की आय में भी वृद्धि होगी।



