वृंदावन के रंगनाथ मन्दिर में ज्येष्ठाभिषेक: 81 रजत कलशों और आम के रस से हुआ ठाकुरजी का महाभिषेक

  • Wednesday July 08 2026 - 01:33 PM
  •  

वृंदावन। तीर्थ नगरी वृंदावन के सुप्रसिद्ध दक्षिण भारतीय शैली के श्री रंगनाथ मन्दिर में नित्योत्सव की श्रंखला के अंतर्गत एक अलौकिक और दिव्य आयोजन किया गया। ज्येष्ठमास कृष्णपक्ष की नवमी तिथि के साथ रेवती नक्षत्र के पावन संयोग पर मंदिर में 'ज्येष्ठाभिषेक' का उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बुधवार को ठाकुर गोदारँगमन्नार भगवान को भीषण गर्मी से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से वैदिक विधि-विधान के साथ महाभिषेक किया गया।

81 रजत कलशों और आम के रस से शीतलता का जतन

इस अलौकिक ज्येष्ठाभिषेक में ठाकुरजी का 81 रजत (चांदी) कलशों से जलाभिषेक किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए भगवान को शीतलता प्रदान करने के लिए जल में विशेष रूप से केसर, कपूर, नवांग हल्दी, चन्दन और दुर्लभ जड़ी-बूटियों का मिश्रण किया गया था। इसके अतिरिक्त विभिन्न मौसमी फलों के रस और मुख्य रूप से आम के रस (आम्राभिषेक) से ठाकुरजी को स्नान कराया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार से गुंजायमान हुआ परिसर

यह दिव्य उत्सव प्रातः 10 बजे वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य शुरू हुआ। सर्व-प्रथम अभिमंत्रित रजत कलशों को नौ-नौ की कतार में स्थापित कर देश की पवित्र नदियों का आव्हान किया गया। इसके बाद आगम पंचरात्र पद्धति से पूजन प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए गौ-दुग्ध, दही, घृत (घी), मधु (शहद), शर्करा और इत्र इत्यादि पंचगव्य से अभिषेक प्रारंभ हुआ।

अभिषेक के दौरान वेदपाठी विद्वानों द्वारा: श्री सूक्त, पुरुषसूक्त, वेंकटेश स्त्रोत, गुरूपरम्परा, श्री वरद वल्लभ स्त्रोत का सस्वर पाठ किया जा रहा था, जिससे पूरा मंदिर परिसर अत्यंत आध्यात्मिक और अलौकिक वातावरण से सराबोर हो उठा।

 तीन घंटे तक अनवरत चली प्रक्रिया, बंटा 'आम्राभिषेक' प्रसाद

ठाकुर गोदा रँगमन्नार भगवान के चल श्री विग्रह को विशेष मंडपम में विराजित कर सूती परिधान धारण कराए गए। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक प्रारम्भ हुआ, जो लगभग तीन घण्टे तक अनवरत जारी रहा।

महाभिषेक की प्रक्रिया संपन्न होने के उपरांत ठाकुरजी का भव्य श्रृंगार कर उन्हें नवीन वस्त्राभूषण धारण कराए गए और विशेष कुंभ आरती उतारी गयी। दर्शनों के लिए उमड़े श्रद्धालुओं में इस पावन अवसर पर आम के रस (आम्राभिषेक) का विशेष प्रसाद वितरित किया गया, जिसे पाकर भक्त निहाल हो उठे।