दक्ष चौधरी सहित पांच आरोपी जमानत पर रिहा, ब्रजवासियों से मांगी माफी; आंदोलन तेज करने के संकेत

  • Monday December 01 2025 - 12:52 AM
  •  

मथुरा। वृंदावन के सुनरख मार्ग पर खुल रहे शराब ठेकों का विरोध करने के मामले में गिरफ्तार किए गए दक्ष चौधरी, युधिष्ठिर, दुर्योधन, अमित और अभिषेक को जमानत पर रिहा कर दिया गया। शुक्रवार को जिला न्यायालय से जमानत मिलने के बाद शनिवार को सभी पांचों आरोपी जिला कारागार मथुरा से बाहर आए, जहां समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

दक्ष चौधरी ने ब्रजवासियों से मांगी बार–बार माफी

जेल से बाहर आने के बाद दक्ष चौधरी ने संतों और ब्रजवासियों का समर्थन के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने उनके बयान को गलत तरीके से फैलाया, जिससे भ्रम हुआ। दक्ष ने कहा “मैं चाहकर भी ब्रजवासियों का अपमान नहीं कर सकता। यदि किसी को बुरा लगा हो तो मैं हृदय से माफी मांगता हूँ। मैं अपने ब्रजधाम और ब्रजवासियों के प्रति सदैव श्रद्धा रखता हूँ।” उन्होंने बार-बार कहा कि उनका उद्देश्य केवल वृंदावन को पवित्र बनाए रखने का था।

रिहाई के बाद समर्थकों का उत्साह, संत समाज का जताया धन्यवाद

जेल से रिहाई के साथ ही माहौल उत्साहपूर्ण रहा। दक्ष चौधरी ने बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और स्वामी अनिरुद्धाचार्य महाराज का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि ये संत समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। युधिष्ठिर राणा ने कहा “कानून ने अपना काम किया है। हमारा लक्ष्य मथुरा-वृंदावन को मांस और मदिरा मुक्त बनाना है। हम सनातन धर्म और ब्रज की पवित्रता के लिए आगे भी संघर्ष करते रहेंगे।”

समर्थन में उतरीं समाजसेवी सोनिया ठाकुर

समाजसेवी सोनिया ठाकुर ने आरोपियों का खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा “दक्ष चौधरी और उनके साथी गलत नहीं थे। उन्होंने सनातन संस्कृति और ब्रज की मर्यादा की रक्षा के लिए कदम उठाया। 

वृंदावन में गलत कार्यों को रोकने की जरूरत है।” 

आरोपियों के रिहा होने के बाद आंदोलन तेज होने के संकेत रिहाई के बाद समर्थकों के बयान से स्पष्ट है कि आंदोलन को आगे और तेज किया जाएगा। शराब ठेका बंद कराने की मांग को अब और बड़े स्तर पर उठाया जाएगा। शहर के वकील बोले- ‘शांतिपूर्ण तरीके से CM तक बात पहुंचाना चाहते थे’

मथुरा बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मदनगोपाल ने कहा कि सभी आरोपियों को सीजेएम कोर्ट से जमानत मिल गई है। उन्होंने बताया  “इनका उद्देश्य सिर्फ यह संदेश प्रदेश के मुख्यमंत्री तक पहुंचाना था कि मथुरा-वृंदावन तीर्थ स्थल है, यहां मांस–मदिरा–अंडे की बिक्री नहीं होनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि जब वृंदावन में हर कदम पर भगवान का स्मरण होता है और साधु-संत गुजरते हैं, वहाँ शराब के ठेके खुलना आस्था के विरुद्ध है। साथ ही श्रद्धालुओं के साथ शराब के ठेकों पर अभद्रता की शिकायतें भी सामने आती हैं।