अहोई अष्टमी की मध्य रात्रि को राधाकुण्ड में महा स्नान करते श्रद्धालु
महास्नानः अहोई अष्टमी पर मध्य रात्रि में लाखों दम्पतियों ने राधाकुण्ड में लगाई आस्था की डुबकी
गोवर्धन। देश--विदेश से आए लाखों दम्पतियों के मुंह पर श्रीराधारानी का नाम। मन में संतान सुख की चाह तो कोई मोक्ष प्राप्ति की कामना लेकर सोमवार को राधाकुंड में स्नान करने पहुंचा। ठीक रात 12 बजे श्रीराधा कृपा कटाक्ष के स्वरों के बीच महा स्नान शुरू हुआ। फिर क्या था।
आस्था रूपी संगम में डुबकी लगाने की श्रद्धालुओं में होड़ मच गई। किसी ने एक तो किसी ने तीन डुबकी लगाई। राधाकुंड में श्रद्धा, भक्ति और विश्वास से जुड़े अहोई अष्टमी मेला के महास्नान में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। जिधर देखो उधर भक्ति की चादर ओढ़े श्रद्धालु श्रीराधा कृपा कटाक्ष का पाठ करते दिखे। इधर भीड़ के दबाव में जयपुर निवासी रेखा शर्मा समेत दो महिलाएं बेहोश हो र्गईं। उन्हें मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने उपचार दिया। सोमवार की सुबह से ही कुंड के घाटों पर भीड़ दिखाई देने लगी और रात तक सैलाब उमड़ने लगा।
रात 12 बजे महास्नान शुरू होकर सुबह तक चला। कार्तिक नियम सेवा में ब्रजवास कर रहे देशी-विदेशी भक्तों ने आस्था की डुबकी लगाई। दो साल कोरोना संक्रमण काल के कारण दूर रहे विदेशी भक्त भी इस बार महास्नान में शामिल हुए।
मान्यता है कि अहोई अष्टमी पर्व पर मध्य रात्रि में स्नान करने से निसंतान दम्पतियों को संतान का सौभाग्य मिल जाता है। आस्था में मनोकामना पूरी होने के बाद भी श्रद्धालु दूर-दूर से आते हैं। श्रीराधा-कृष्ण की प्रेममयी लीला के प्रतीक इस कुंड में स्नान के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने गिरिराज जी की परिक्रमा करते हुए राधा रानी कुंड पर पूजा अर्चना की। स्नान से पूर्व दीपदान किया गया। पूरे परिक्रमा से लेकर राधाकुंड नगर में हर ओर श्रद्धालु राधा की भक्ति में नजर आए। पूरी रात समस्त मंदिर एवं आश्रमों में धार्मिक आयोजन हुए।
मान्यताः राधाकुण्ड में स्नान करने से निःसन्तान को होती है संतान प्राप्ति
कार्तिक मास की कृष्ण अष्टमी अर्द्वरात्रि को आएं,
करें युगल स्नान जो मन वांचित फल पाएं।
वृक्षासुर कूं मार के प्रभु सब ही तीर्थ बुलाए,
श्री राधारानी सहित 33 कोटि देवी-देवता पुनः हरसाए।
मैं बेटी वृषभान की राधा मेरो नाम,
तीन लोक में जानिए बरसाना और राधाकुण्ड मेरो धाम।
गोवर्धन। जी हां, राधारानी कुण्ड में कार्तिक मास की अहोई अष्टमी तिथि को स्नान की यही मान्यता है। राधाकुण्ड सहित ब्रजधाम की अलोकिक भक्ति को निहारने के लिए देश ही नही बल्कि विदेशी भक्त भी व्याकुल रहते हैं। अहोई अष्टमी का दिन कितना है खास, जिसमें पुत्रों के लिए महिला रखती हैं उपवास। अहोई अष्टमी पर्व ऐसा रचो, जो पुत्र चाह में व्रत पूजन के साथ। श्रद्धालु भक्त अहोई अष्टमी का व्रत संतान की उन्नती, प्रगति और दीर्घ आयु के लिए रखा जाता है। यह व्रत कार्तिक कृष्ण पक्ष की अष्टमी को किया जाता है।
निःसंतान दमपत्ती संतान प्राप्ति के लिए र्निजला व्रत रख राधाकुण्ड के घाटों की दीवाल पर अहोई माता का चित्र छबी बनाकर सांय को पूजा अर्चना कर मन्नतें की जाती हैं। अर्द्धरात्रि 12 बजे राधारानी कुण्ड में 33 कोटि देवी-देवता स्नान करते हैं। ऐसा माना जाता है। दूर-दराज से आए हजारों श्रद्वालु भक्त जोडे़ के साथ राधारानी कुण्ड में डुबकी लगाकर स्नान करने से निःसंतान दम्पतियों को संतान की प्राप्ती होने की मान्यता है।



