ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर
ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में सेवायतों की मनमानी: श्रृंगार आरती के दौरान पट बंद, भक्तों को नहीं हुए दर्शन
वृंदावन। शरद पूर्णिमा जैसे विशेष पर्व पर भी ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में सेवायतों की आपसी खींचतान के कारण भक्तों को निराशा हाथ लगी। सोमवार सुबह श्रृंगार आरती के दौरान मंदिर के पट बंद रखे गए, जिससे हजारों श्रद्धालु आराध्य के वार्षिक विशेष श्रृंगार दर्शन से वंचित रह गए।
मंदिर में सुबह से ही भारी भीड़ उमड़ी थी, परंतु गर्भगृह में श्रृंगार आरती के समय पट बंद कर दिए गए, जिसके चलते भक्तों को मंदिर के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ा।
परंपरा बनाम प्रशासनिक आदेश
शरद पूर्णिमा पर ठाकुरजी के दर्शन को लेकर मंदिर हाई पावर मैनेजमेंट कमेटी और सेवायतों के बीच टकराव देखने को मिला। कमेटी के सचिव एवं जिलाधिकारी सीपी सिंह ने रविवार की रात आदेश दिया था कि "शरद पूर्णिमा के दिन भक्तों की भीड़ को देखते हुए ठाकुरजी को सुबह और शाम दोनों समय जगमोहन में विराजित कर दर्शन कराए जाएं।" लेकिन, श्रृंगार आरती सेवा अधिकारी गौरव गोस्वामी ने प्राचीन परंपरा का हवाला देते हुए आरती गर्भगृह में ही कराने पर जोर दिया। वहीं राजभोग सेवा अधिकारी फ्रैंकी गोस्वामी ने कमेटी के निर्देशों के अनुसार ठाकुरजी को जगमोहन में विराजित करने की तैयारी कर ली थी।इस असहमति के चलते सुबह श्रृंगार आरती के समय मंदिर के पट बंद कर दिए गए, जिससे भक्त दर्शन नहीं कर सके।
समय का पूरा क्रम
सुबह 8:05 बजे: ठाकुरजी के गर्भगृह का पर्दा लगाया गया।
सुबह 8:10 बजे: सेवाधिकारियों को श्रृंगार सेवा सौंपी गई।
सुबह 8:35 बजे: मंदिर के पट खोले गए और भक्तों को ठाकुरजी के दर्शन संभव हो सके।
इस दौरान भक्तों को करीब डेढ़ घंटे तक बाहर खड़ा रहना पड़ा। मंदिर परिसर और गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ निराश होकर “जय जय श्री राधे” का कीर्तन करती रही।
सेवायतों की दलील
श्रृंगार आरती सेवा अधिकारी गौरव गोस्वामी का कहना है कि “ठाकुरजी की श्रृंगार आरती सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार गर्भगृह में ही की जाती है, इसे बदलना न्यायालय के आदेश का उल्लंघन होगा।” उन्होंने बताया कि 2023 में भी शरद पूर्णिमा के दिन इसी प्रकार की स्थिति बनी थी, जब ठाकुरजी को जगमोहन में विराजित करने में देर हुई और करीब 35 मिनट तक दर्शन बाधित रहे।
प्रशासनिक दृष्टिकोण
हाई पावर कमेटी के सचिव डीएम सीपी सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने सेवायतों से सामंजस्य स्थापित करने की कोशिश की थी, ताकि श्रद्धालु आसानी से ठाकुरजी के दर्शन कर सकें। परंतु, दोनों पक्ष अपनी बात पर अड़े रहे परिणामस्वरूप शरद पूर्णिमा की विशेष श्रृंगार आरती आम भक्तों के लिए नहीं खुल पाई।



