अष्ट्याम सेवा महोत्सव: निशांत बेला में अष्ट सखियों ने प्रिया प्रियतम को जगाया

  • Friday October 27 2023 - 12:31 AM
  •  

- पुरुषोत्तम शती के अंतर्गत अष्ट्याम सेवा महोत्सव का शुभारंभ, भक्तों ने भोर में किए निशांत लीला के दर्शन

वृंदावन। यमुना तट के भ्रमर घाट स्थित जयसिंह घेरा में चैतन्य संप्रदायाचार्य पुरुषोत्तम गोस्वामी महाराज की जन्म शताब्दी महोत्सव के अंतर्गत पुरुषोत्तम शती में अष्टयाम सेवा महोत्सव का प्रारंभ गुरुवार से हो गया। प्रथम दिवस निशांत लीला में प्रातः काल 3:30 बजे प्रिया प्रियतम की निकुंज में जागरण लीला का भावपूर्ण मंचन हुआ। जिसमें पुरुषोत्तम गोस्वामी महाराज द्वारा संकलित व लिखित लीलाओं के पठानुसार स्वामी फतेहकृष्ण की मंडली द्वारा लीला का मंचन किया गया। जिसका रसिकों ने सहज आनंद प्राप्त किया।

चैतन्य संप्रदायाचार्य श्रीवत्स गोस्वामी महाराज ने बताया कि निशांत लीला को कुंज भंग लीला के रूप से भी जाना जाता है। जिसमें युगल सरकार की शयन की दिव्य झांकी के भक्तों ने दर्शन किए। वृंदावन धाम वृंदा देवी के रूप में मूर्तिमान होकर युगल सरकार की सेवा में विद्यमान है। उनके भाव के अनुरूप मयूर -मयूरी, हिरण- हिरणी, तोता-मैना आदि निकुंज में आकर प्रिया प्रियतम को जगाते हैं। इसके बाद सर्वप्रथम ललिता सखी निकुंज के द्वार पर वीणा वादन करती हैं। तदुपरांत अष्टसखीगण और उनके यूथ की सखियां विभिन्न सुंदर भावों से शयन कुंज में विश्राम कर रहे युगल की रूप  माधुरी का वर्णन करती हैं। सूर्योदय का काल निकट जानकर खक्खटी नमक बंदरिया शोर मचाकर प्रिया प्रियतम को जगाती है। सखियों के द्वारा प्रिया प्रियतम का मुख प्रक्षालन आदि सेवाएं की जाती हैं। इसके बाद उन्हें सिंहासन पर विराजमान कर मंगल भोग अर्पण होता है और मंगला आरती होती है। 

प्रात समय नव कुंज द्वार पे ,ललिता ललित बजाई वीना | पौढ़े सुनत श्याम श्री श्यामा दंपति चतुर नवीन नवीना ||

अति अनुराग सुहाग भरे दोऊ कोक कला जो प्रवीण प्रवीना। चतुर्भुजदास निरख दंपति सुख तन मन धन न्यौछावर कीना।

उन्होंने बताया कि ब्रज के पशु पक्षियों द्वारा उन्हें निकुंज में जागने का भाव यह भी है कि अब नंदालय में भी जागरण का समय निकट है। ऐसे में उन्हें नंदालय में भी उपस्थित हो जाना चाहिए, जिससे नंदालय में उनकी सेवा से सुख प्राप्त करने वाले जीव वंचित न रहें। उन्होंने बताया कि निशांत लीला पर  भावपूर्ण व्याख्यान सायंकाल 7 बजे डॉ. अच्युतलाल भट्ट द्वारा किया गया।

लीला दर्शन के दौरान सुवर्ण गोस्वामी, अभिनव गोस्वामी, भजन गायक गोविंद भार्गव, प्रेमधन लालनजी, राधाकांत शर्मा, जुगल किशोर शर्मा, भरत शर्मा, सुरेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।