गोस्वामी महिलाएं कॉरिडोर व न्यास के विरोध में श्रीजमुना चालीसा पाठ करती हुई।
श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर एवं न्यास का विरोध 67वें दिन भी जारी, गोस्वामी महिलाओं ने किया श्रीजमुना चालीसा पाठ
वृंदावन। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास के गठन के विरोध में मंदिर गोस्वामी समाज का विरोध प्रदर्शन 67वें दिन रविवार को जारी रहा। गोस्वामी समाज की महिलाओं निरंतर शांतिपूर्ण तरीके प्रदेश की योगी सरकार द्वारा मंदिर कॉरिडोर और न्यास के गठन का उठाये गए कदम का विरोध कर रही हैं। उन्होंने श्री यमुना महारानी को यमुना चालीसा पाठ सुनाकर कॉरिडोर व न्यास का विरोध किया। उन्होंने कॉरिडोर बहाना है मंदिर का पैसा खाना है और ब्रजवसियों की यही पुकार कॉरिडोर यमुना पार जैसे नारे लगाए।
स्थानीय बृज़वासी वर्षा ओटवानी ने कहा कि श्रीबांकेबिहारी मंदिर न्यास व कॉरिडोर किसी भी समस्या का हल नहीं है। व्यवस्था बनाकर ही माहौल को सुधारा जा सकता है। यदि कॉरिडोर ही समस्या का हल होता तो काशी, उज्जैन और खाटू श्याम में इतनी लम्बी लम्बी लाइन नहीं लगी होतीं। कॉरिडोर बनाकर सरकार सिर्फ वीआईपी और वीवीआईपी लोगों को सुविधा देना चाहती है और कुछ नहीं। और सरकार को कॉरिडोर बनाना ही है तो जमुना पल्ली पार बनायें।
राखी गोस्वामी ने कहा कि न्यास तो सिर्फ छलावा है और कॉरिडोर की कोई आवश्यकता है नहीं क्यूंकि अभी हरियाली तीज पर सरकार ने बिहारी जी मंदिर में बहुत अच्छी व्यवस्था दी है, वैसी ही व्यवस्था नित्य प्रति दी जा सकती है। सुलखान सिंह जी की अंतिम रिपोर्ट में दिये गये काफी बिंदुओं में से सरकार सिर्फ कॉरिडोर की योजना लेकर आई है जबकि साफ सफाई, सड़कों का चौड़ीकरण, अवैध अतिक्रमण, दर्शन के लिये ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आदि बिंदुओं को तो सरकार ने दरकिनार कर दिया। भाजपा सरकार को 11 साल होने को आये ना तो वृन्दावन में साफ सफाई की व्यवस्था दे पाई और ना बिजली की व्यवस्था दे पाई। सरकार यदि इन पर ध्यान दे तो वृन्दावन को बर्बाद करके कुंजगलियों को उजाड़ने की कोई आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
विरोध करने वालों में नीरू गोस्वामी, प्रीती गोस्वामी, निशा शर्मा, पूनम मिश्र, अदिति गोस्वामी, श्रद्धा खंडेलवाल, राधा मिश्रा, रितिका शर्मा, नीलम गोस्वामी, रानी शर्मा, रेखा अग्रवाल, मनीषा सारस्वत आदि उपस्थित रहे।



