जो बाइडेन परिवार संग छुट्टियां मनाने अमेरिकी वर्जिन द्वीप समूह पहुंचे
किंगशील (अमेरिका)। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन अपने परिवार के साथ नए साल की छुट्टियां मनाने और आराम करने के लिए मंगलवार को वर्जिन द्वीप समूह पहुंचे। उनके साथ उनकी बेटी एशले, दामाद हॉवर्ड क्रीन, पोती नताली और पोता हंटर भी हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति और उनकी पत्नी जिल बाइडेन ने मंगलवार को वाशिंगटन से सेंट क्रोक्स द्वीप के लिए उड़ान भरी। सेंट क्रोक्स द्वीप उन तीन द्वीपों में से एक है, जिन्हें मिलाकर कैरेबियाई क्षेत्र का अमेरिकी वर्जिन द्वीप समूह बनता है। इसमें सेंट जॉन और सेंट थॉमस नामक दो अन्य द्वीप भी शामिल हैं।
अमेरिका में भीषण बर्फीले तूफान और कड़ाके की ठंड के बीच बाइडेन कुछ समय बिताने के लिए यहां पहुंचे हैं। सेंट क्रोक्स एक उष्णकटिबंधीय द्वीप है। बाइडेन जब 2009 से 2017 तक उपराष्ट्रपति के पद पर थे तब भी वह यहां छुट्टियां मनाने आया करते थे।



