श्रीकृष्ण जन्मभूमि की लड़ाई न्याय और अन्याय के बीच: शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

  • Friday January 05 2024 - 12:18 AM
  •  

वृंदावन। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शङ्कराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा यहां बात श्रीराम और श्रीकृष्ण की नहीं है। ये अनाचार और अन्याय की बात है। आपके हाथ में जब बल था, तो अपने किसी भी धर्मस्थल पर कब्जा कर लिया। ये अन्याय है। अब अन्याय को लोग बर्दाश्त नहीं करना चाहते हैं। लोग अब कह रहे हैं कि जिन लोगों ने कब्जा किया है वे अपना कब्जा छोड़ें, इसलिए यह लड़ाई न्याय और अन्याय के बीच है। 

यह बात उन्होंने उड़िया बाबा आश्रम में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि देश के 100 करोड़ से अधिक सनातनी चाहते हैं कि गो हत्या पूरी तरह बंद हो और गाय को राष्ट्रमाता का सम्मान दिया जाए। इसके लिए राष्ट्रव्यापी आंदोलन किया जाएगा, जिसकी तैयारियां कई स्तर पर की जा रही है। देश में आजादी के पहले से गोमाता के लिए आवाज उठती रही है और आदोलन  भी हुए। अब जबकि देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है तो क्या अमृत देने वाली गाय अमृत महोत्सव में भी कटती रहेगी। इसलिए संतों की इच्छा है कि गो हत्या देश में पूरी तरह बंद होनी चाहिए। इसके लिए आश्रम में गो गोष्ठी की गई, जिसमें विभिन्न प्रांतों से गोभक्त शामिल हुए। आंदोलन की रूपरेखा तय हुई है। 

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम जब अवतरित हुए थे, तो रामचरित मानस में वर्णन है, कि उस समय धरती माता गो का रूप धारण करके गई थी। गाय ही भगवान को लेकर आई थी, तो 22 जनवरी को जब अयोध्या के नवनिर्मित राम मंदिर में भगवान श्रीराम की प्रतिष्ठा की जा रही हैं, ऐसे में गोमाता को भी राष्ट्रमाता के रूप में प्रतिष्ठा होनी चाहिए।