ठा. बाँकेबिहारी ने स्वर्ण हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दिए दर्शन

  • Monday August 01 2022 - 10:11 AM
  •  

  • - सेवायत गोस्वामियों ने सुनाए प्रभु को स्वामी हरिदास के रचित पद
  • - प्रभु दर्शन को मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु 

वृन्दावन। हरियाली तीज पर सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में स्वर्ण और रजत हिंडोल में जन-जन के आराध्य ठा. बाँकेबिहारी महाराज ने भक्तों को दर्शन दिए। वर्ष में एक बार होने वाले यह विशेष दर्शन देर रात तक हुए। आराध्य की एक झलक पाने के लिए भक्तजन आतुर दिखाई दिए। इसी के साथ ही ब़ृज मंडल के मंदिरों में झूलन महोत्सव की शुरूआत हो गई। 

हरियाली तीज पर नगर के अन्य मंदिरों में भी झूलन महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। सोने और चांदी से जड़ित हिंडोले में ब्रज मंडल के ठाकुर बांकेबिहारी विराजमान हुए। प्रभु के अदभुत छवि निहारने के लिए मध्यरात्रि तक भक्तों का मंदिर में तांता लगा रहा। 

श्रावण मास शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को सुप्रसिद्ध बांकेबिहारी मंदिर में गर्भ गृह से बाहर जगमोहन में आकर सोने, चांदी से जड़ित हिंडोले में ठा. बांकेबिहारी विराजमान हुए और शाम से अद्र्ध रात्रि तक भक्तों को दर्शन दिए। देश-विदेश से बड़ी संख्या में आए श्रद्धालुओं ने प्रभु दर्शन किए। प्रभु की एक मनोहारी छवि पाने के लिए भक्तों में होड़ सी मच गई। प्रभु की अनुपम छटा देखते ही बनती थी। राजभोग की आरती के बाद गोस्वामियों ने हरियाली तीज पर विशेष हरी पोशाक एवं मुकट से लेकर सभी सोने, चांदी और हीरे, जवाहरात जड़े गहने से धारण कराए। बांकेबिहारी के श्रीविग्रह के साथ उनकी सेवा में चार गोपियां सेवा में रत हैं। हिंडोले के पीछे की तरफ राधारानी की चुनरी के पीछे प्रभु का पान बीड़ा, जलपात्र, चांदी से जड़ित पंखा के साथ प्रभु के शयन के लिए सुगंधित फूलों से सजी सुख शैया बनाई गई। इसके पीछे सेवायत आचार्यों का भाव था कि हिंडोले में झूलने के बाद भगवान इन सभी चीजों की सेवा लेंगे। 

वर्ष में एकबार हरियाली तीज के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से लाखों की संख्या में भक्तजन सुबह से ही देर रात तक मंदिरों के आसपास जमे रहे।  जैसे ही शाम चार बजे बांकेबिहारी के पट खुले वैसे ही भक्तों की भारी भीड़ मंदिर में प्रभु दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। वर्षों से चली आ रही परंपराओं के अनुसार भक्तिभाव में विभोर हो बांकेबिहारी के गोस्वामियों ने अपने आराध्य को रिझाने के लिए स्वामी हरिदास द्वारा रचित पद झूलन चलो हिंडोलना वृषभानु नन्दनी..., बिहारी देखो रीं ललना, प्यारे झूलन पधारों झूम आये बदरा..., हिंडोले झूलत लाल दिन दुलहै पद स्वरमय गाये। 

बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत मयंक गोस्वामी (बंटू गुरू) ने हरियाली तीज की विशेष परंपरा पर प्रकाश डाला कि यह झूलन महोत्सव की परंपरा संैकड़ों वर्ष पुरानी है। पहली बार प्रभु बांकेबिहारी को स्वामी हरिदासजी ने स्वर्ण हिंडोले पर झुलाया और उन्हें श्रावण ऋतु और भक्तिमय पद सुनाये। उसी परंपरा को वर्तमान समय में मंदिर के सेवायत गोस्वामी संजोये हुए हैं। 

हरियाली तीज पर प्रभु प्रेम और भक्ति के उल्लास के बीच प्रभु के अद्वितीय दर्शन करने के लिए प्रभु भक्त वृंदावन की ओर खिंचा चला आता है। वहीं प्राचीन सप्त देवालयों एवं अन्य मंदिरों में झूलन महोत्सव बडे़ ही श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। ठा. राधासनेह बिहारी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में सेवायत गोस्वामियों ने अपने आराध्य के श्रीविग्रह को सोने, चांदी और चंदन की लकड़ी के बने झूलों में विराजमान कर झूलन महोत्सव मनाया।