असम में वायुसेना का सुखोई-30 विमान क्रैश, दोनों पायलटों की मौत

  • Saturday March 07 2026 - 01:16 AM
  •  

नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना का लड़ाकू विमान सुखोई‑30 गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग क्षेत्र की पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में विमान में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई।

वायु सेना के प्रवक्ता ने शुक्रवार सुबह दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रवेश दुर्गाकर का निधन हो गया। वायु सेना ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में वह शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ी है।

प्रवक्ता के अनुसार दुर्घटना जोरहाट से लगभग 60 किलोमीटर दूर हुई। हादसे के तुरंत बाद वायु सेना की ओर से व्यापक खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया था। इससे पहले वायु सेना ने गुरुवार देर रात जानकारी दी थी कि एक सुखोई लड़ाकू विमान निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटा, जिसके बाद उसकी तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया। यह विमान जोरहाट हवाई अड्डे से नियमित प्रशिक्षण उड़ान पर रवाना हुआ था और गुरुवार शाम 7 बजकर 42 मिनट पर उससे अंतिम बार संपर्क हुआ था।