ब्रज की रंगोत्सव 2025ः बरसाना में ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी कैमरों की नजर रहेंगे श्रद्धालु

  • Thursday February 27 2025 - 09:05 PM
  •  

  • बरसाना की लड्डू होली व लठ्ठमार होली का होगा भव्य आयोजन

मथुरा। ब्रज में रंगोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में प्रदेश के मंत्री गन्ना विकास मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने जनपद मथुरा में आयोजित होने वाले विभिन्न होली के आयोजनों से अवगत कराया। मंत्री ने बरसाना की लड्डू व लट्ठमार होली को भव्य व आकर्षण बनाने के लिए मेला क्षेत्र को भगवान राधाकृष्ण की लीलाओं के चित्रण से सजाने, लाइटिंग, प्रवेश द्वार, साज सज्जा के निर्देश दिए।

 डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि बरसाना में राधारानी मंदिर के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में सीढ़ियों के रास्ते से प्रवेश कराया जाएगा। सभी श्रद्धालुओं को जयपुर मंदिर मार्ग से नीचे उतारा जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार ने बताया कि बरसाना में 56 पार्किंग, 94 बैरियर, 7 कुंडो की बैरीकेडिंग, 6 वॉच टॉवर बनाए जा रहे है। नंदगांव में 16 पार्किंग तथा 35 बैरियर बनाए जा रहे है। माननीय मंत्री जी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि बरसाना को जोड़ने वाली समस्त सड़कों को गड्ढा मुक्त करे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माननीय उपाध्यक्ष श्री शैलजा कांत मिश्र जी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि रंगीली गली में जर्जर मकानों, गिरासू व लटके छज्जों को हटाया जाए। नगर पंचायत बरसाना की अधिशासी अधिकारी जर्जर भवन स्वामियों को नोटिस जारी करे तथा जर्जर भवनों, छज्जों को ध्वस्त कराए।

कैबिनेट मंत्री ने पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेय को निर्देश दिए कि रंगीली गली के मकानों के छतों पर पुलिस ड्यूटी लगाई जाए। मकानों के छतों व छज्जों पर किसी को न आने दे। ड्यूटी में तैनात समस्त पुलिस कर्मचारी श्रद्धालुओं व पर्यटकों से विन्रम रहे। उन्होंने निर्देश दिए कि सीसीटीवी कैमरों के पास बोर्ड लगाए कि ’आप कैमरे की निगरानी में है’ एवं पी.ए. सिस्टम से निरंतर अनाउंसमेंट करते रहे कि ’आप कैमरे की निगरानी में है। जिससे शरारती, हुड़दंगी व असामाजिक तत्वों में भय बना रहे। 

एसएसपी ने अवगत कराया है कि मेला क्षेत्र में नेटवर्क की समस्या के निदान हेतु समस्त मोबाइल कंपनी के मोबाइल टावर्स को लगाया जाएगा। ड्रोन कैमरा तथा 126 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रहेंगी। मेला क्षेत्र को 7 जोन व 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है।

 कैबिनेट मंत्री ने जिला पंचायत राज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया रोस्टर बनाकर सफाई सुनिश्चित करे तथा नियमित निरीक्षण कर सफाई व्यवस्थाओं का जायजा ले। श्रद्धालुओं हेतु सभी व्यवस्थाएं सुदृंढ़ होनी चाहिए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अजय कुमार वर्मा ने अवगत कराया कि बरसाना में 13 कैंप, 5 मोबाइल व बाइक एम्बुलेंस, 12 एम्बुलेंस, समस्त सीएचसी व पीएचसी एक्टिव मोड में रहेंगे। सभी स्थानों पर पर्याप्त दवाओं की सुविधा तथा चिकित्सकों की तैनाती रहेगी।  उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के माननीय उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्र ने सिंचाई विभाग को गोवर्धन ड्रेन की उत्कृष्ट साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर पंचायत को गौवंशों को गौशालाओं में पहुंचाने, अवैध होर्डिंग्स की हटाने तथा क्षेत्र में पेंटिंग कराने के निर्देश दिए। 

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 150 बसे बरसाना हेतु मथुरा और वृंदावन से चलाई जाएंगे। कैबिनेट मंत्री ने परिवहन विभाग को निर्देश किया कि बसों का संचालन मथुरा से छाता एवं मथुरा से कोसीकलां होते हुए बरसाना की ओर भी किया जाए। 

 ब्रज के इन स्थलों पर 7 मार्च से 21 मार्च तक होली 

 जिसमें 7 मार्च को बरसाना की लड्डू होली, 8 मार्च को बरसाना की लट्ठमार होली, 9 मार्च को नंदगांव की लट्ठमार होली व गांव रावल की रंग लट्ठमार होली, 10 मार्च को श्री कृष्ण जन्मस्थान व श्री बांके बिहारी जी मंदिर की फूल होली, 11 मार्च को श्री द्वारिकाधीश मंदिर की होली व गोकुल की छड़ीमार होली, 13 मार्च को चतुर्वेदी समाज का डोला व गांव फालैन की होलिका दहन, 14 मार्च को धुलेंडी, 15 मार्च को दाऊजी का हुरंगा, नंदगांव का हुरंगा, ग्राम जाब का हुरंगा, मुखराई का चरकुला, 16 मार्च को बठैन का हुरंगा, गिडोह का हुरंगा, 21 मार्च को महावन में छड़ीमार होली तथा 22 मार्च को वृंदावन में श्री रंग जी मंदिर की होली होनी है।