बरसाना: प्रेम सरोवर की पावन धरती पर उठेगा आस्था का शिखर

  • Saturday February 28 2026 - 12:50 AM
  •  

  • 20 मार्च को होगा प्रेमेश्वरी मंदिर का शिलान्यास
  • 108 फीट ऊंचा बनेगा दिव्य धाम

बरसाना। ब्रज की पावन भूमि पर स्थित प्रेम सरोवर एक बार फिर ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने जा रहा है। राधा-कृष्ण के प्रथम मिलन स्थल के रूप में पूजित इस तीर्थ पर आगामी 20 मार्च, प्रथम नवरात्रि के शुभ अवसर पर प्रेमेश्वरी मंदिर का विधिवत शिलान्यास किया जाएगा। संत विनोद बाबा के संकल्प से साकार हो रहा यह भव्य प्रकल्प ब्रज की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान देने वाला माना जा रहा है।

संत विनोद बाबा के संकल्प से साकार होगा दिव्य धाम

प्रिया कुंड पर वर्षों तक तपस्या में लीन रहे संत विनोद बाबा ने निजी जीवन में सादगी को अपनाया, किंतु श्रीजी की प्रेरणा से उनके हृदय में प्रेम सरोवर तट पर एक दिव्य मंदिर निर्माण का संकल्प जागृत हुआ। मान्यता है कि इसी पावन स्थल पर राधारानी और श्रीकृष्ण का प्रथम मिलन हुआ था और उनके दिव्य प्रेम से यह सरोवर पावन बना। अनेक संतों की साधना से प्रतिष्ठित इस भूमि पर अब भव्य मंदिर आकार लेने जा रहा है।

साढ़े तीन एकड़ में विकसित होगा मंदिर परिसर

प्रस्तावित मंदिर परिसर लगभग  3.5 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। पूरे परिसर के चारों ओर ब्रज की पहचान माने जाने वाले पीलू के वृक्षों की श्रंखला विकसित की जाएगी, जो वातावरण को आध्यात्मिक और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण करेगी।

मंदिर की विशेषताएं इस प्रकार होंगी-

  • 108 फीट ऊंचा शिखर, जो दूर से ही आस्था का प्रतीक बनेगा।
  • 108×200 फीट का विशाल सभागार, जिसमें नक्काशीदार स्तंभ होंगे।
  • सफेद संगमरमर से निर्मित भव्य गर्भगृह।
  • गर्भगृह के मध्य दो मंजिला बालकनी, जहां से श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।

एबैक्सियल डिज़ाइन कंपनी को सौंपी गई वास्तु योजना

मंदिर की वास्तु योजना का दायित्व एबैक्सियल डिज़ाइन कंपनी को सौंपा गया है। यह कंपनी देश के कई आध्यात्मिक प्रकल्पों पर कार्य कर चुकी है, जिनमें कृष्ण बलराम सांस्कृतिक केंद्र भी शामिल है।

आस्था और स्थापत्य का संगम

20 मार्च को होने वाला शिलान्यास केवल निर्माण कार्य की शुरुआत नहीं, बल्कि ब्रज की उस अमर प्रेम परंपरा को स्थापत्य स्वरूप देने का प्रयास है, जो सदियों से प्रेम सरोवर की प्रत्येक लहर में जीवित है। नवरात्रि के पावन अवसर पर होने वाला यह आयोजन ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक महत्व रखता है। प्रेम सरोवर की पावन भूमि पर उठने वाला यह 108 फीट ऊंचा शिखर आने वाले समय में न केवल आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि ब्रज की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान को भी नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।