सलमान रुश्दी के जिंदा बचने की खबर सुन हमलावर रह गया हैरान, जानिए हमलावर का रिएक्शन?

  • Thursday August 18 2022 - 09:58 AM
  •  

न्यूयॉर्क। पश्चिमी न्यूयॉर्क में एक व्याख्यान मंच पर जानेमाने उपन्यासकार सलमान रुश्दी को चाकू मारने के आरोपी शख्स ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह यह जानकर हैरान रह गया कि लेखक हमले के बाद जिंदा बच गए। जेल से न्यूयॉर्क पोस्ट से बात करते हुए संदिग्ध हमलावर हादी मतार ने कहा कि उसे लेखक सलमान रुश्दी की चौटौक्वा संस्थान में मौजूदगी के बारे में पिछली सर्दियों में एक ट्वीट पर जानकारी मिली थी। इसके बाद ही मतार ने सलमान रुश्दी पर चौटौक्वा संस्थान में हमला करने का फैसला किया।

न्यूज एजेंसी एपी की एक खबर के मुताबिक हादी मतार ने अखबार से कहा कि ‘मुझे वह व्यक्ति पसंद नहीं है। मुझे नहीं लगता कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं। वह ऐसा इंसान है जिसने इस्लाम पर हमला किया है। उसने उसकी मान्यताओं, परंपराओं पर हमला किया।’ 

24 वर्षीय मतार ने कहा कि वह दिवंगत ईरानी नेता अयातुल्ला रूहोल्लाह खुमैनी को एक महान व्यक्ति मानता है, लेकिन यह नहीं कहेगा कि वह 1989 में ईरान में खुमैनी द्वारा जारी किए गए फतवे का पालन कर रहा था। जिसमें सलमान रुश्दी की किताब द सैटेनिक वर्सेज के छपने होने के बाद रुश्दी को मौत की सजा देने की अपील की गई थी।

बहरहाल ईरान ने सलमान रुश्दी पर हुए हमले में अपना हाथ होने से इनकार किया है। न्यू जर्सी के फेयरव्यू के रहने वाले मतार ने कहा कि उसका ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड से कोई संपर्क नहीं था। मतार ने कहा कि उसने द सैटेनिक वर्सेज के केवल कुछ पन्ने पढ़े थे। मतार ने बताया कि उसने हमले से एक दिन पहले बफ़ेलो के लिए एक बस ली और फिर लगभग 40 मील (64 किलोमीटर) दूर चौटौक्वा संस्थान के लिए एक लिफ्ट लिया। उसने चौटौक्वा इंस्टीट्यूशन ग्राउंड  के लिए एक पास खरीदा और फिर रुश्दी के भाषण से पहले की एक रात खुले मैदान में सोकर बिताई।

मतार अमेरिका में पैदा हुआ था लेकिन वह लेबनान की दोहरी नागरिकता रखता है, जहां उसके माता-पिता का जन्म हुआ था. उसकी मां ने मीडिया से कहा कि मतार 2018 में लेबनान में अपने पिता को देखने के बाद जब लौटा, तो काफी बदल गया था. उसके बाद वह मूडी हो गया और अपने परिवार से दूर होता गया।