54 साल बाद खुला बांकेबिहारी मंदिर का खजाना: सांपों का जोड़ा, खाली आभूषण बॉक्स, टूटी कुंदियां व बर्तन

  • Monday October 20 2025 - 01:28 AM
  •  

वृंदावन। ठाकुर श्री बांकेबिहारी मंदिर का करीब 160 साल पुराना रहस्यमयी तोषखाना (खजाना ) आखिरकार 54 साल के बाद शनिवार को खोला गया। जैसे-जैसे खजाना के भीतर के दृश्य सामने आए, वैसे-वैसे रहस्य और गहराता गया। लोगों को उम्मीद थी कि खजाने में हीरे, जवाहरात और बहुमूल्य आभूषण मिलेंगे, मगर जो कुछ मिला उसने सभी को हैरान कर दिया। खाजाना और उसके तहखाने में तीन घंटे में टीम को चार संदूक में से दो दो में पुरानी शैली के बर्तन, चांदी का छोटा छत्र ही मिल सका। मंदिर खुलने का समय होने के कारण  काम को रोकना पड़ा। शेष दो संदूकों को अगले दिन रविवार को खोला गया। तोषखाने के तहखाने में मिले दो सांप से अफरातफरी मच गई। 

शनिवार को धनतेरस के अवसर पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाईपावर्ड कमेटी के आदेश पर मंदिर परिसर में स्थित तोषखाना खोला गया। यह वही स्थान है, जिसे वर्ष 1971 में कोर्ट के आदेश पर सील किया गया था।   शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे खजाना खोला गया। मंदिर के खजाने को खोलने से पहले उसकी चौखट पर मंदिर के सेवायत एवं हाईपावर प्रबंध कमेटी के सदस्य दिनेश गोस्वामी द्वारा दीपक जलाया गया। उसके बाद गैस कटर से खजाने कक्ष में लगे दो तालों को काटा गया। जैसे ही तोषखाना खजाना कक्ष को खोला गया तो उसमें दीवारों से वर्षांे से झड़ रहा मिट्टी और चूना पड़ा मिला। सिविल जज जूनियर डिवीजन शिप्रा दुबे और समिति के सदस्यों की मौजूदगी में खजाने दोपहर करीब डेढ़ बजे खोला गया। तोषखाने में दाखिल होने से पहले सभी की तलाशी कैमरे की निगरानी में पुलिस अधिकारियों द्वारा ली गई। वन विभाग के चार कर्मियों को सबसे पहले दाखिल किया गया। उसके सिर पर खजाना कक्ष में अंधेरे को दूर करने के लिए टार्च वाले हेलमेट थे। उन्होंने बड़ी मुश्किल से गेट खोला, कक्ष में धूल होने के कारण उसमें ठहरना मुश्किल हो रहा था। आठ फीट लंबा और दस फीट चौड़ा कमरे में मिट्टी भरी थी। दरवाजा खोलने के लिए मिट्टी को हटाने के लिए धूल उड़ने लगी, जिससे वहां मौजूद अधिकारियों और सेवायतों का खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा था। कमरे में बाईं ओर लोहे के दरवाजे को लोहे के सब्बल से खोला गया। उसके नीचे बनी पत्थर की सीढ़ियों से नीचे उतरे तो दिखा कि छह फीट लंबा और चार फीट चौड़े कमरे में चार लोहे ओर एक लकड़ी का संदूक रखे थे। जब लकड़ी का संदूक खोला तो उसमें हार एवं अन्य जेवरात के खाली बॉक्स मिलें। लोहे के संदूक के कुंदे टूटे हुए थे। दो संदूक में कांसे और पीतल के बर्तन निकले। लकड़ी के संदूक में एक अमर उजाला अखबार मिला, जो कि फरवरी 1970 का था। कमरे में एक छोटा चांदी का छत्र, तीन पीतल की देग, तीन पीतल के कलश, एक परात, डेढ़ फीट ऊंचाई के चार गोलाकार पत्थ्र, एक फीट ऊंचा लकड़ी का तख्ता, दो पीतल के छोटे घंटे मिले। इस कमरे के फर्श पर रखे एक कई पत्थरों को हटाकर वनकर्मियों ने खजाने के नीचे बने तहखाने में जाने का रास्ता तलाशा। दो पत्थर निकालने के बाद नीचे तहखाने में जाने का रास्ता मिला और पत्थर की दीवार से बाहर की ओर निकली सीढ़ियां दिखाई दीं। सात सीढ़ियों के नीचे उतरने के बाद तीन फीट लंबा और चार फीट चौड़ा एक छोटी कोठरी मिली। इसमें दो सांप के बच्चे मिले। इससे अफरातफरी मच गई। वन विभाग की टीम ने उन्हें पकड़ लिया और सुरक्षित स्थान पर छोड़ा। मंदिर के खुलने समय होता देख लगभग साढे़ चार बजे टीम तहखाने से बाहर आ गई। समिति के सदस्य दिनेश गोस्वामी ने बताया कि खजाने में मिले सामान की सूची बनाई गई है। 

संदूकों में मिले खाली बॉक्स और टूटे कुंदे

तोषखाने के अंदर एक पुराना संदूक मिला, जिसके कुंदे टूटे हुए थे। जब उसे खोला गया तो अंदर आभूषणों के खाली डिब्बे रखे मिले। यह देखकर सभी अधिकारी और सेवायत हैरान रह गए। खजाने में पीतल के बर्तन, लकड़ी का चौखटनुमा छोटा मंदिर और कुछ पुराने सामान के अलावा कोई कीमती वस्तु नहीं मिली। दिल्ली से आए चार्टर्ड अकाउंटेंट की निगरानी में मिले सामान की सूची तैयार की गई। सेवायतों का कहना है कि यह मामला किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है, क्योंकि संदूकों के कुंदे कटे हुए मिले हैं और अंदर से सभी कीमती वस्तुएं गायब हैं।

सेवायत सदस्य ने उठाए सवाल, की उच्च स्तरीय जांच की मांग

हाईपावर्ड कमेटी के सदस्य एवं सेवायत दिनेश गोस्वामी ने कहा कि “खजाना तो खुल गया लेकिन सवाल छोड़ गया - आखिर सारा माल गया कहां? ऐसा कैसे संभव है कि सभी बक्सों में खाली डिब्बे हों और कोई आभूषण न मिले?” उन्होंने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और कहा कि वह अगली बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएंगे। अध्यक्ष से मांग करेंगे कि वह इस मामले जांच कराएं। ऐसा कैसे हो सकता है कि खाली डिब्बे निकलें और माल नहीं। साथ ही बक्से के कुंदे भी कटे निकले। यह मामला अब बड़ी साजिश की ओर इशारा कर रहा है। गोस्वामी ने बताया कि तोषखाने में पहले भी दो बार चोरी हो चुकी है - पहली बार सन 1926 और दूसरी बार 1936 में। संभव है कि 1971 में सील होने से पहले ही खजाने से बहुमूल्य वस्तुएं निकाल ली गई हों।

सेवायतों ने किया हंगामा, प्रशासन ने फिर सील किया खजाना

जब खजाने से कुछ भी मूल्यवान नहीं निकला तो सेवायतों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने मौके पर ही हंगामा और नारेबाजी की। अफसरों ने स्थिति संभाली और पूरे तोषखाने को फिर से सील कर दिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो इसे कोर्ट के आदेश पर दोबारा खोला जाएगा। एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने बताया कि “अभी तक जो सामान मिला है, उसमें कोई कीमती वस्तु नहीं है। दो और संदूक अभी नहीं खोले गए हैं। उनकी जांच अगली बार होगी।”

 हाईपावर्ड कमेटी की निगरानी में खुला खजाना

मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी ने अपनी पहली बैठक में तोषखाना खोलने के आदेश दिए थे। कोर्ट की सील होने के कारण प्रशासन ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) को पत्र भेजा था। कोर्ट ने 18 अक्तूबर की तारीख निर्धारित की, जिसके बाद शनिवार को दोपहर एक बजे अधिकारी, मंदिर प्रशासन और सेवायतों की उपस्थिति में खजाना खोला गया। कमेटी सदस्य दिनेश गोस्वामी ने तोषखाने के दरवाजे पर दीप जलाकर पूजा की, फिर जंग लगे ताले को कटर से काटकर दरवाजा खोला गया। अंदर मलबा, टूटी लकड़ी और संदूक मिले। मलबे की सफाई के बाद तलाशी शुरू हुई तो खाली डिब्बों के अलावा कुछ नहीं मिला।

54 वर्षों से बंद था मंदिर का तोषखाना

यह खजाना 1971 से बंद था और कहा जाता है कि इसमें ठाकुरजी के आभूषण, चांदी के बर्तन, और सोने-चांदी के जेवर रखे गए थे। लेकिन इतने वर्षों बाद जब इसे खोला गया तो सबकी उम्मीदें धरी की धरी रह गईं। अब सवाल यह है कि क्या 1971 से पहले ही खजाना साफ कर दिया गया था, या फिर यह कोई चोरी का मामला है? समिति ने साफ किया है कि जल्द ही अगली बैठक में इस पूरे प्रकरण पर निर्णय लिया जाएगा।

दो बार हो चुकी हैं चोरी

सेवायत सदस्य दिनेश गोस्वामी यह भी बताते हैं कि इस तोषखाने में दो बार चोरी की वारदात भी हो चुकी हैं। पहली चोरी सन 1926 और दूसरी चोरी 1936 में। सन 1971 में यह खजाना कोर्ट के आदेश पर सील किया गया था। क्या उससे पहले ही माल निकाला गया, इन सभी बातों के रहस्य से पर्दा उठना चाहिए।