चैत्र नवरात्रि में हाथी पर सवार होकर आएंगी देवी मां, जानिए पूजन का शुभ मुहूर्त
- 30 मार्च रविवार से छह अप्रेल तक नवरात्रि महोत्सव मनाया जाएगा
मथुरा। विक्रम संवत 2082 चैत्र शुक्ल प्रतिपदा 30 मार्च रविवार से रेवती नक्षत्र, मीन राशि के चन्द्रमा में बासंतिक नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ होगा। इसे लेकर ब्रज के देवी मंदिरों में तैयारियां चल रही है। चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा के 9 अलग-अलग स्वरूपों का पूजन किया जाता है। नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा स्वर्ग से धरती पर एक विशेष वाहन से आती हैं और यह वाहन आने वाले अच्छे व बुरे समय का संकेत देता है। इस बार चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी। आइए जानते हैं माता रानी का हाथी पर सवार होकर आना शुभ है या अशुभ?
चैत्र नवरात्रि में मां का वाहन
देवी भागवत पुराण में मां दुर्गा के वाहनों का जिक्र किया गया है जिसके अनुसार नवरात्रि में मां जिस वाहन से आती है वह शुभ-अशुभ का संकेत देता है। इस बार मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आएंगी। देवी भागवत पुराण के अनुसार मां दुर्गा का हाथी पर आगमन बहुत ही शुभ माना गया है। यह सुख-समृद्धि और शांति का प्रतीक है। माना जाता है कि जब नवरात्रि में मां दुर्गा हाथी पर सवार होकर आती हैं तो देश में बारिश और फसल अच्छी होती है। देश की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और घरों में खुशहाली आएगी।
कैसे तय होता है मां दुर्गा का वाहन?
देवी भागवत पुराण के अनुसार नवरात्रि में मां दुर्गा के आगमन का वाहन दिन के अनुसार तय होता है और इसी के आधार पर शुभ व अशुभता भी तय होती है. आइए जानते हैं मां दुर्गा के आगमन का कौन सा वाहन शुभ होता है और कौन सा अशुभ?
यदि नवरात्रि रविवार या सोमवार शुरू हो रहे हैं या खत्म हो रहे हैं तो इस दौरान मां दुर्गा की सवारी हाथी होती है. जिसे शुभ माना जाता है और यह देश में अच्छी बारिश का भी संकेत है। साथ ही सुख-समृद्धि का संकेत करता है।
यदि नवरात्रि की शुरुआती मंगलवार या शनिवार से होती है और ऐसे में मां दुर्गा घोड़े पर सवार होकर धरती पर आती हैं। मां की यह सवारी इस बात का संकेत देती है कि आने वाले समय में संघर्ष और उथल-पुथल का माहौल बना रहेगा। अगर नवरात्रि गुरुवार या शुक्रवार को शुरू होते हैं तो मां दुर्गा पालकी पर सवार होकर आती हैं। इस वाहन को अस्थिरता और चुनौतियों का संकेत माना जाता है। वहीं अगर नवरात्रि बुधवार से शुरू हो रहे हैं तो मां दुर्गा नौका यानि नाव पर सवार होकर धरती पर आती हैं। इसे एक शुभ संकेत माना जाता है. इसका मतलब है कि आने वाले समय में आपदा से मुक्ति मिलेगी और जीवन में शांति आएगी।
आइए इस बार की नवरात्रि कितने दिन मनाए जाएंगे, पूजन का मुहूर्त और विधि के बारे में ज्योतिषाचार्य दीपक एवं ज्योतिष भागवत संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष से जानते हैं।
घट स्थापन पूजन का शुभ मुहुर्त
ज्योतिषाचार्य कामेश्वर नाथ चतुर्वेदी एवं ज्योतिषाचार्य दीपक के अनुसार 30 मार्च रविवार को ब्रह्म मुहूर्त से लगभग 12.50 तक दिन में प्रतिपदा तिथि रहेगी इसी समय में नवसंवत्सर पूजन मां जगदम्बा का आवाहन एवं घटस्थापन पूजन करना अत्यंत शुभकारी रहेगा। दूसरा मुहूर्त 11.48 पर अभिजीत बेला में रहेगा। इस बार नवरात्र में एक तिथि का क्षय हो रहा है। इसलिए 6 अप्रैल रविवार को नवरात्र महोत्सव की पूर्णाहुति व श्री रामजन्म महोत्सव श्री राम नवमी का पर्व मनाया जाएगा। इसी बीच 3 अप्रैल गुरुवार को श्रीयमुनाजी का प्राकट्योत्सव श्री यमुना छठ महोत्सव ब्रजवासियों द्वारा परम्परागत रूप से वैदिक विधि विधान के साथ मनाया जाएगा। 05 अप्रैल को श्री दुर्गाष्टमी पर विशेष व्रत उपवास पूजन एवं दुर्गासप्तशती पाठ आदि धर्मकार्यों का विशेष लाभ प्राप्त होगा।
डिस्क्लेमर: यहां दी गई सभी जानकारियां सामाजिक और धार्मिक आस्थाओं पर आधारित हैं। Bharatnewsjunction.com इसकी पुष्टि नहीं करता। इसके लिए किसी एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें।



