मथुरा पहुंचे आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, प्रशिक्षण वर्ग में करेंगे संवाद

  • Thursday June 12 2025 - 04:52 PM
  •  

मथुरा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत गुरूवार को तीन दिवसीय प्रवास पर मथुरा पहुंचे। वह गौग्राम परखम में लग रहे प्रथम कार्यकर्ता विकास वर्ग सामान्य में शिरकत करेंगे। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। 

आरएसएस प्रमुख का काफिला आज सुबह साढ़े 11 बजे के करीब दिल्ली से सीधा गौग्राम परखम पहुंचा। तीन दिन तक वह परखम में ही प्रवास करेंगे। इस दौरान प्रशिक्षण वर्ग व अन्य कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। उनसे मिलने के लिए आसपास के जिलों से संघ के पदाधिकारी बुधवार से ही पहुंचना शुरू हो गए।

यह 20 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 28 मई से शुरू हुआ है। इसमें 251 प्रशिक्षार्थी भाग ले रहे हैं। यह प्रशिक्षण 18 जून तक चलेगा। भागवत 12 से 14 जून तक यहां रहेंगे। वे इस दौरान विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षार्थियों से संवाद करेंगे। यह प्रशिक्षण वर्ग हर साल मई-जून में आयोजित किया जाता है। इसमें या तो सरसंघचालक मोहन भागवत या सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले शामिल होते हैं। इस बार भागवत का प्रवास पूरी तरह से प्रशिक्षण वर्ग तक ही सीमित है। उनका बाहर कोई कार्यक्रम नहीं है।

संघ प्रमुख के आगमन के चलते प्रशासन ने आगरा-मथुरा हाईवे पर बाद चौकी से लेकर परखम तक रूट डायवर्जन किया है। इसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। संघ प्रमुख की सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी अलर्ट पर है। ग्राम परखम जाने वाले रास्तों पर जगह जगह चेकपोस्ट बनाए गए हैं, यहां 24 घंटे पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही गऊग्राम तक जाने वाली सड़क के चौड़ीकरण का कार्य भी किया गया।