ठाकुर द्वारकाधीश
मथुरा: ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में अक्षय तृतीया चंदन लेपन के साथ ठाकुर जी को धराया गया पंखा
मथुरा। ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में अक्षय तृतीया का पावन पर्व पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर में ठाकुर जी की सेवा पद्धति में ऋतु परिवर्तन के अनुसार कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
शीतल चंदन से महका ठाकुर जी का श्रीअंग
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि अक्षय तृतीया से ही ग्रीष्म ऋतु की विशेष सेवा प्रारंभ हो जाती है। परंपरा के अनुसार, आज ठाकुर जी के श्रीअंग पर शीतल चंदन का लेपन किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा।
बदली सेवा पद्धति: अब सत्तू और शरबत का भोग
बढ़ती गर्मी को देखते हुए ठाकुर जी के खान-पान और पहनावे में भी बदलाव किया गया है। आज से ठाकुर जी को सत्तू, शीतल शरबत और ठंडे जल का भोग लगाना प्रारंभ हो गया है। ठाकुरजी को भारी वस्त्रों के स्थान पर हल्के और ठंडे मलमल के वस्त्र धारण कराए गए। मंदिर में ठाकुर जी की सुख-सुविधा के लिए आज से पंखा (बीजना) भी धराया गया। अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय (नाश) न हो। इस पावन तिथि पर किए गए दान और पुण्य का फल अनंत काल तक बना रहता है।
दान-पुण्य और यमुना स्नान का महत्व
अक्षय तृतीया के अवसर पर मथुरा के विश्राम घाट सहित विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं ने यमुनाजी में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। मंदिर प्रांगण में भक्तों ने एक-दूसरे को शीतल वस्तुओं का दान दिया और ठाकुर जी को भी भेंट अर्पित की। इसके साथ ही बाजार में सोना खरीदने की परंपरा के चलते आभूषणों की दुकानों पर भी काफी रौनक देखी गई।



