इस्रायल-हमास और रशिया-यूक्रेन युद्ध ने प्रभावित किया वृंदावन का कारोबार
- चार देशों के बीच चल रहे युद्ध से वृंदावन के मूर्ति बाजार पर बड़ा असर
- एक्सपोर्ट कंपनियों ने युद्धग्रस्त देशों में माल पहुंचाने से हाथ खींचे
वृंदावन। इस्रायल- हमास और रशिया - यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध का असर वृंदावन के कारोबार पर भी पड़ रहा है। मूर्ति, पोशाक, श्रृंगार और पूजन के सामान के बाजार पर असर पड़ रहा है। मूर्ति कलाकारों को लाखों का नुकसान हो रहा है। विदेशों में सामान पहुंचाने वाल एक्सपोर्ट कंपनियों ने भी युद्धग्रस्त देशों में माल पहुंचाने से हाथ खींच लिए हैं। ऑन लाइन ऑर्डर आने पर मूर्तियों को युद्ध ग्रस्त देशों में पहुचाने क लिए पड़ौसी देशों का सहारा लिया जा रहा है।
वृंदावन में करीब 10 कारोबारी ऐसे हैं, जो कि विदेशों में उनका सामान जाता है। वह यहां से मूर्ति, मुकुट, पोशाक, धोती-कुर्ता, पूजा का सामान, पखावज, तानपुरा, हारमोनियम विदेश ऑन लाइन ऑर्डर मिलने पर विदेश पहुंचाते हैं, लेकिन पिछले एक वर्ष से रशिया और यूक्रेन के बीच छिड़े युद्ध के कारण इन दोनों देशों में सामान नहीं जा रहा है। वहीं अब इस्रायल और हमास के बीच चल रहे युद्ध के कारण इन देशों में भी वृंदावन से सामान रुक गया है। विदेशों में शिपिंग के माध्यम से सामान पहुंचाने वाली दो बड़ी एक्सपोर्ट कंपनियों ने भी युद्धग्रस्त देशों में सामान पहुंचाने से हाथ खींच लिए हैं।
मूर्तिकार ईशान आचार्य ने बताया कि रशिया और यूके्रन के बीच चल रहे युद्ध के कारण एक साल में करीब 12 लाख रुपए की मूर्तियां नहीं पहुंच पाई हैं। करीब 1500 मूर्तियों के ऑर्डर कैंसल हो गए। 12 अक्टूबर को यूक्रेन में एक मूर्ति अपने जोखिम पर पोलेंड के रास्ते पहुंच सकी। इस्राइल के लिए भी शिपिंग नहीं हो पा रही है। इस कारण इन चार देशों में युद्ध के कारण करीब 20 लाख रुपए की मूर्तियों के ऑर्डर कैंसल करने पडे हैं। यही हाल ठाकुरजी की पोशाक, मुकुट एवं अन्य सामान के बाजार का है।



