वृंदावन: श्रीबांकेबिहारी मंदिर के गेट पर जूता-चप्पलों के बीच रखी जा रही भक्तों की तुलसी-फूल माला, वीडियो वायरल
वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर से जुड़ी एक बेहद संवेदनशील और श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुँचाने वाली खबर सामने आई है। मंदिर के गेट नंबर 4 पर वीआईपी प्रोटोकॉल दर्शन मार्ग के पास बनी रेलिंग में, जहां जूते-चप्पल रखे जाते हैं, वहीं श्रद्धालुओं द्वारा ठाकुरजी के लिए लाई गईं पवित्र फूल और तुलसी की मालाएं रखे जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद मंदिर प्रबंधन पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
वायरल वीडियो में सामने आया लापरवाही का सचसोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक पीले रंग का कुर्ता पहने व्यक्ति द्वारा श्रद्धालुओं की फूल और तुलसी की मालाओं को सीधे जूते-चप्पलों के बीच रखा जा रहा है। ठाकुरजी के गले का हार बनने वाली पवित्र तुलसी मालाओं के साथ इस तरह की लापरवाही देखकर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंच रही है। आरोप है कि गेट नंबर 4 पर तैनात कर्मियों द्वारा आस्था के साथ इस तरह का खिलवाड़ किया जा रहा है।
भंडारियों की कमी के कारण हो रही परेशानी: सेवायत हिमांशु गोस्वामीइस पूरे मामले पर श्रीबांकेबिहारी मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य एवं सेवायत हिमांशु गोस्वामी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर में भंडारियों (सेवाकर्मियों) की भारी कमी है, जिसके चलते दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु समय पर ठाकुरजी को फूल-माला नहीं चढ़ा पा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि जब श्रद्धालु बिना माला चढ़ाए मंदिर से बाहर आते हैं, तो गेट नंबर 4 पर तैनात लोगों द्वारा उनकी मालाओं को वहीं जूता-चप्पलों के पास रख दिया जाता है। सेवायत ने मंदिर हाई पावर्ड मैनेजमेंट कमेटी से मांग की है कि श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए तत्काल प्रभाव से भंडारियों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि भक्त अपनी श्रद्धा के अनुसार ठाकुरजी तक फूल-माला और प्रसाद सुरक्षित पहुंचा सकें।



