मथुरा के द्वारकाधीश मन्दिर में 5 जुलाई से सजेंगे हिंडोला, 15 जुलाई से होंगे घटाओं के दर्शन
श्रावण मास एवं अधिक मास में द्वारकाधीश मन्दिर में होंगे विभिन्न मनोरथ और घटाओं के दर्शन।
मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के द्वारकाधीश मन्दिर में 5 जुलाई श्रावण मास यानि सावन का महीना की दौज तिथि से जन-जन के आराध्य भक्तों को हिंडोले में दर्शन देंगे। इसके बाद 15 जुलाई से घटाओं के मनोहारी दर्शन होंगे। इन पारंपरिक आयेाजनों की तैयारी मन्दिर प्रबंधन द्वारा जोरों से की जा रही है।
मथुरा में स्थित द्वारकाधीश मन्दिर के गोस्वामी डॉक्टर वागीश महाराज तृतीय पीठाधीश्वर कांकरोली नरेश के द्वारा मन्दिर में होने वाले सभी कार्यक्रमों का निर्धारण किया जाता है और उन्हें सभी कार्यक्रम का सफल संचालन ंमन्दिर के गोस्वामी वेदांत कुमार महाराज व सिद्धांत कुमार महाराज के द्वारा किया जाता है। मन्दिर गोस्वामियों ने आगामी श्रावण और अधिक मास के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की है। जिसमें 5 जुलाई बुधवार सावन मास दौज से हिंडोला प्रारंभ होंगे। 15 जुलाई से घटाओं के दर्शन भक्तों को होंगे। जिसमें प्रमुख रुप से केसरी घटा, हरी घटा, काली घटा, गुलाबी घटा, आसमानी घटा आदि के मध्य विराजमान होकर राजाधिराज दर्शन देंगे। इसी प्रकार 18 जुलाई से प्रारंभ होने वाले पुरसोत्तम मास में सभी कार्यक्रम होंगे।
मन्दिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि श्रावण मास के अलावा 18 जुलाई से 16 अगस्त 2023 तक पुरुषोत्तम मास जिसे अधिक मास भी कहते हैं पड़ेगा और उसमें 1 बरस में होने वाले सभी कार्यक्रम होंगे और उन सभी कार्यक्रमों के मनोरथी भी अलग अलग होंगे।
ठाकुरजी के विभिन्न प्रकार से लाड लड़ाये जाएंगे और यह सभी कार्यक्रम निरंतर रूप से चलेंगे। 3 सितंबर 2023 रविवार को सोने चांदी के हिंडोले विजय मनोरथ के दर्शन होंगे और 7 सितंबर 2023 को भव्य जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा और 8 सितंबर को नंद महोत्सव के साथ सभी कार्यक्रम संपन्न होंगे



