सोते वक्त मंत्री को चूहे ने काटा, मंत्री को शक हुआ कि सांप ने काटा, इससे तबीयत बिगड़ी

  • Tuesday May 03 2022 - 12:03 AM
  •  

बांदा। उत्तरप्रदेश की योगी सरकार में मंत्री गिरिश चंद्र यादव को चूहे ने काट लिया। वह बांदा के सर्किट हाउस में ठहरे थे। मंत्री को शक हुआ कि उनको सांप ने काट लिया है। इस शक में उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। घबराहट बढ़ गई। आनन-फानन में सर्किट हाउस स्टॉफ को बताया गया। उन्होंने डीएम-एसएसपी को सूचना दी।

मंत्री को सांप काटने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। आधी रात को पूरा अमला सर्किट हाउस पहुंच गया। मंत्री को रात 3 बजे ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां खुद सीएमएस पहुंचे। उन्होंने मंत्री का चेकअप किया।

दाहिने हाथ की अंगुली में हुआ काटने का अहसास

दरअसल, युवा कल्याण एवं खेलकूद राज्यमंत्री गिरिश चंद्र दो दिवसीय दौरे पर बांदा पहुंचे थे। शनिवार-रविवार की रात वह सर्किट हाउस में रुम न. 6 में ठहरे थे। रात को करीब दो-ढाई बजे के बीच सोते वक्त मंत्री को दाहिनी हाथ की अंगुली में किसी कीड़े के काटने का अहसास हुआ। उनकी नींद टूट गई।

काटने का दर्द इतना तेज था कि मंत्री को यह शंका हो गई कि उनको सांप ने काटा है। इससे उनकी तबीयत भी बिगड़ने लगी। मंत्री की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर अफसरों के हाथ-पांव फूल गए।

रात 3 बजे एडमिट कराया गया

मंत्री को रात 3 बजे ही अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीएमएस डॉ. एसएन मिश्रा और सीनियर डॉक्टर मौके पर पहुंच गए। डॉ. एसडी त्रिपाठी ने मंत्री का इलाज किया। करीब 3 घंटे के बाद उनकी तबीयत में कुछ सुधार हुआ। सुबह 6 बजे मंत्री को अस्पताल से छुट्टी दी गई। इस दौरान डीएम, एडीएम, एएसपी, सीओ, सीएमएस समेत अन्य अधिकारी अस्पताल मौजूद रहे।