कॉरिडोर बनने से पहले श्री बांकेबिहारी मंदिर न्यास का गठन, राज्यपाल ने जारी की अधिसूचना

  • Tuesday May 27 2025 - 09:49 AM
  •  

  • श्रीबांकेबिहारी मंदिर न्यास में होंगे 18 सदस्य
  • ट्रस्ट में सात अधिकारी, दो सेवायत एवं 11 सत होंगे शामिल
  • बांकेबिहारी कॉरिडोर मामले में सुप्रीम केार्ट में पुनर्याचिका की सुनवाई 27 को

लखनऊ। सुप्रीम कोर्ट से श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर बनाने का रास्ता साफ होने के बाद सेामवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने श्री बांकेबिहारी मंदिर न्यास के गठन के लिए अध्यादेश की अधिसूचना जारी कर दी है। यह न्यास अब श्रीबांकेबिहारी की मंदिर व्यवस्थाओं को संभालेगा। मंदिर के पुजारियों को वेतन एवं यहां चली आ रही पुरानी पंरपराओं का निर्बाद रूप से चलाने का कार्य करेगा।  

यूपी की राज्यपाल द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार श्री बांकेबिहारी मंदिर न्यास ट्रस्ट में 18 सदस्य होंगे, जिसमें डीएम, एसएसपी, नगर आयुक्त, उत्तर प्रदेश बृज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीइओ) उत्तर प्रदेश धर्मार्थ विभाग के एक अधिकारी, बांकेबिहारी मंदिर ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सहित 11 साधु संत एवं 2 सेवायत शामिल रहेंगे।

सूत्रों के अनुसार जल्द ही योगी सरकार श्री बांकेबिहारी मंदिर न्यास के सीईओ पद पर किसी वरिष्ठ अधिकारी की नियुक्ति कर सकते हैं। अधिसूचना के अनुसार बोर्ड में दो प्रकार के सदस्य होंगे। पदेन सदस्य के रूप में 7 अधिकारी होंगे तो वहीं 11 अन्य सदस्य प्रतिष्ठित व्यक्ति जिन में संत, विद्वान, मठाधीश, महंत, शिक्षा विद्, उद्यमी, समाजसेवी एवं स्वामी हरिदासजी के वंशज में एक राजभोग दूसरा शयन भोग सेवायत शामिल रहेंगे। सदस्य का कार्यकाल 3 वर्ष रहेगा और कोई भी सदस्य दो बार से अधिक नियुक्त नहीं किया जा सकेगा। सभी सदस्य हिंदू होंगे जो सनातन धर्म को मानने वाले होंगे। 

न्यास में ऐसा कोई भी ऐसा व्यक्ति सदस्य नहीं बनेगा जिसको कोर्ट द्वारा अपराधी ठहराया गया हो। इसके अलावा मृत्यु, त्याग पत्र अथवा अन्य किसी कारण से सदस्य के हटने पर नए सदस्य की नियुक्ति बोर्ड के अन्य सदस्यों द्वारा बहुमत के आधार पर की जाएगी।

सबसे खास बात इस अधिसूचना में यह है कि सरकारी अधिकारी जो 7 सदस्य के रूप में इस ट्रस्ट में होंगे उनको वोट देने का अधिकार नहीं होगा। वह बोर्ड के विचार विर्मश में केवल भाग लेने और राय व्यक्त करने के हकदार रहेंगे। बोर्ड की बैठक तीन माह में एक बार अवश्यक होगी। 

यूपी की योगी सरकार के श्री बंाकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर निर्माण के आदेश एवं सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ सेवायत रसिकराज गोस्वामी और देवेंद्र नाथ गोस्वामी की पुनर्याचिका पर 27 मई कल सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है।

श्री बांकेबिहारी मंदिर न्यास के यह रहेंगे कार्य

श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर बनाने के लिए तेज गति से कार्य शासन एवं प्रशासन स्तर पर कार्य चल रहे है। इसी क्रम में कॉरिडोर बनने से पहले श्री बांकेबिहारीजी मंदिर के प्रबंधन के लिए न्यास का गठन किया गया है। जिसकी अधिसूचना प्रदेश की राज्यपाल द्वारा जारी कर दी गई है। न्यास का यह रहेंगे उद्देश्य - 

  • स्वामी हरिदास जी के समय से चली आ रही परंपराओं, त्योहारों, उत्सवों एवं अनुष्ठानों के अनुरूप बिना किसी परिवर्तन के निर्बाद कराना। 
  • दर्शन का समय निर्धारित करना, पुजारियों की नियुक्ति करना एवं भक्तों एवं आगंतुकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उपाय करना। 
  • मंदिर का प्रभारी प्रशासन एवं प्रबंधन करना। 
  • भक्तों को आराध्य के दर्शन सुरक्षित एवं सुलभ करवाने के प्रयास करना, उसके लिए आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराना। 
  • श्रद्धालुओं को विश्व स्तरीय सुख -सुविधा देना, प्रसाद वितरण के लिए उपयुक्त स्थान, पेयजल वितरण, गोशालाओं, अन्नक्षेत्र, रसोईघर, विश्राम, यात्रागृह, होटल एवं प्रदर्शनी कक्ष प्रतीक्षालय अन्य सुविधाएं प्रदाना करना। 
  • पुरातत्व विशेषज्ञों एवं इंजीनियरों द्वारा मंदिर की संरक्षात्मक सुरक्षा करना। 
  • मंदिर के प्रबंधन में वित्तीय पारदर्शिता एवं जन विश्वास सुनिश्चित करने के लिए बहीखाता एवं अभिलेखों का संभालना। इसमें मंदिर की दानराशि, चढ़ावा, मूल्यवान संपत्तियां, जमा राशियां, आभूषण का प्रबधन करना। 
  • मंदिर के प्रशासन, प्रबंधन, अनुरक्षण एंव तीर्थयात्रियोंकी सुविधा के लिए सहायक एवं अनुषांगिक सभी प्रकार के कार्य करना।